सार
Barmer : बाड़मेर सीसीबी से अलग होकर बालोतरा में बनेगा स्वतंत्र केंद्रीय सहकारी बैंक; 12 शाखाएं और 145 पैक्स होंगे शामिल, नाबार्ड व कृषि मंत्रालय के मानकों पर खरा उतरा प्रस्तावित नया बैंक।

विस्तार
विशेष संवाददाता | जयपुर / बालोतरा — सहकारी जगत की ग्राउंड रिपोर्ट/ 2 अगस्त | राजस्थान के मरुस्थलीय अंचल में सहकारी आंदोलन ने हमेशा से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को रीढ़ की हड्डी के रूप में मजबूती दी है। इसी कड़ी में प्रस्तावित नवनिर्मित जिला बालोतरा में एक स्वतंत्र बालोतरा केंद्रीय सहकारी बैंक (Balotara CCB) के गठन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। सहकारिता विभाग और अपेक्स बैंक (आरएससीबी) द्वारा तैयार विस्तृत सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, भौगोलिक दृष्टि से दूरस्थ ग्रामीण इलाकों तक वित्तीय सेवाएं सुलभ कराने और प्रशासनिक सुगमता के लिए यह निर्णय ऐतिहासिक साबित होगा। हाल ही में विधानसभा में उठाए गए विधायक अरुण चौधरी, पचपदरा के तारांकित प्रश्न के उत्तर में सहकारिता विभाग ने लिखित रूप से स्पष्ट किया गया है कि बालोतरा में नवीन केंद्रीय सहकारी बैंक की स्थापना हेतु सर्वे करवाया जा चुका है और गठन की कार्रवाई तेजी से प्रक्रियाधीन है !
बाड़मेर सीसीबी से होगा सुगम पृथक्कीकरण, दोनों इकाइयां रहेंगी फायदे में
वर्तमान में बाड़मेर केंद्रीय सहकारी बैंक के अंतर्गत कुल 438 पैक्स (PACS) कार्यरत हैं, जिनमें से 145 पैक्स बालोतरा जिले के अंतर्गत आते हैं। इसी प्रकार बाड़मेर बैंक की कुल 25 शाखाओं में से 12 शाखाएं बालोतरा जिले में संचालित हो रही हैं। वित्तीय वर्ष 2023-24 के आंकड़ों के मुताबिक, बालोतरा क्षेत्र की इन 12 शाखाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल ₹210.47 लाख का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। सर्वे रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि बाड़मेर बैंक से पृथक्करण के पश्चात भी मूल बाड़मेर सीसीबी के पास पर्याप्त रिजर्व, शेयर कैपिटल और लाभ सुरक्षित रहेगा, जिससे दोनों ही बैंक पूरी तरह वित्तीय रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर इकाइयां बने रहेंगे।

बालोतरा बैंक की वित्तीय सक्षमता और प्रमुख आंकड़े
प्रस्तावित बालोतरा केंद्रीय सहकारी बैंक के पास वित्तीय वर्ष 2023-24 के आधार पर निम्नलिखित मजबूत आधार मौजूद हैं:
- हिस्सा राशि (Share Capital): समितियों की कुल हिस्सा राशि ₹2045.73 लाख।
- कुल अमानतें (Deposits): बालोतरा क्षेत्र की शाखाओं में कुल अमानतें ₹50,394.24 लाख।
- ऋण वितरण: अल्पकालीन फसली ऋण ₹36,905.26 लाख एवं दीर्घकालीन ऋण ₹301.35 लाख।
- लाभ की स्थिति: बालोतरा क्षेत्र की सभी 12 शाखाएं लाभ में हैं, जिनका कुल लाभ ₹210.47 लाख रहा।

राज्य सरकार और नाबार्ड के मानदंड
नाबार्ड और कृषि मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत नए बैंक के गठन के लिए ‘ब्रेक इवन लेवल’ और ‘पोटेंशियल वायेबिलिटी’ के मानदंडों को बालोतरा बैंक सफलतापूर्वक पूरा करता है। बैंक का ऋण व्यवसाय ₹16,648.42 लाख है, जो निर्धारित मानकों के पूर्ण अनुकूल है। नए बैंक की स्थापना के लिए राज्य सरकार द्वारा राजकीय हिस्सा राशि के रूप में ₹500.00 लाख, मुख्यालय हेतु नि:शुल्क भूमि तथा भवन निर्माण व आईटी उपकरणों हेतु ₹350.00 लाख की ‘नॉन-रिफंडेबल ग्रांट-इन-ऐड’ दिए जाने की अनुशंसा की गई है।


