Home जालोर ‘सहकार सप्ताह’ के उपलक्ष्य में ‘कृषक सम्मान दिवस’ आयोजित, उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहकारिता जन सम्मानित

‘सहकार सप्ताह’ के उपलक्ष्य में ‘कृषक सम्मान दिवस’ आयोजित, उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहकारिता जन सम्मानित

सार

Jalore : मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने दिया ‘सहकार से समृद्धि’ का संदेश, उन्नत किसानों एवं उत्कृष्ट सहकारी समितियों का हुआ सम्मान

विस्तार 

जालोर । डिजिटल डेस्क | 1 जुलाई |  जालोर में भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के गठन के 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे “सहकार सप्ताह” के अंतर्गत 01 जुलाई 2026 को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में “कृषक सम्मान दिवस” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रशासक एवं जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के मुख्य सचेतक एवं मंत्री जोगेश्वर गर्ग ने ‘सहकार से समृद्धि’ विषय पर प्रकाश डाला और सहकारिता के मूल मंत्र “एक सबके लिए और सब एक के लिए” की भावना को अपनाने पर जोर दिया ​कार्यक्रम के दौरान नौसरा ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष राजवीरसिंह देवड़ा ने गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना की जानकारी दी, वहीं सियाणा ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष प्रदीपसिंह ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में फसल कटाई व मौसम आधारित समस्याओं से अवगत कराया।

इसके अलावा, रतनसिंह कानिवाड़ा ने फसल बीमा क्लेम के समयबद्ध निस्तारण और वसूली के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर कृषि क्षेत्र में नवाचार करने वाले किसानों और उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम सेवा सहकारी समितियों के अध्यक्षों व व्यवस्थापकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। अंत में, बैंक के प्रबंध निदेशक नारायणसिंह चारण ने पैक्स द्वारा किए जा रहे नवाचारों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन सुभाषचन्द्र जीनगर द्वारा किया गया, जिसमें बैंक के अधिकारी, कर्मचारी एवं पैक्स के व्यवस्थापक मौजूद रहे।

विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सहकारिता जन का सम्मान

कार्यक्रम में सहकारी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान नौसरा जीएसएस के अध्यक्ष राजवीर सिंह को ‘सहकार से समृद्धि’ विजन को जन-जन तक पहुँचाने, सियाणा जीएसएस के प्रदीपसिंह को डिपॉजिट वृद्धि में योगदान के लिए, और भूति जीएसएस की अध्यक्ष लक्ष्मी कंवर को महिला सशक्तिकरण व नवाचार के लिए प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, मिंडावास के प्रगतिशील किसान गजेसिंह को 15,000 अनार के पौधों के सफल रोपण व रखरखाव के लिए पुरस्कृत किया गया। ​इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम में विभिन्न जीएसएस के व्यवस्थापकों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इनमें पावटा जीएसएस के व्यवस्थापक भागीरथ सिंह को मिनी बैंक के सफल संचालन व बेहतरीन परिणामों के लिए; उम्मेदाबाद जीएसएस के मधूसूदन शर्मा को जनऔषधि केंद्र व ड्रोन उद्यमी केंद्र जैसे नवाचारों के लिए; तथा जसवंतपुरा, बोरटा, बडगांव, आलडी/रोपसी एवं पालडी सोलंकियान जीएसएस के व्यवस्थापकों—क्रमशः बुद्धाराम मेघवाल, दुदाराम, विक्रम कुमार, धीरेश कुमार व दशरथ कुमार पुरोहित—को ऋण वितरण, वसूली के लक्ष्यों व कम्प्यूटराईजेशन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

दिवंगत सदस्य के परिजनों को मिली बीमा सहायता

कार्यक्रम के दौरान ‘राज सहकार व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना वर्ष 2024-25’ के तहत एक महत्वपूर्ण राहत प्रदान की गई। नरसाणा ग्राम सेवा सहकारी समिति के सदस्य रहे स्वर्गीय अभयसिंह, निवासी मूड़ी, की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो जाने पर उनकी पत्नी पवन कंवर को बीमा योजना के तहत 10 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!