सार
Jaipur : भीषण गर्मी में पक्षियों को राहत देने के लिए सहकारिता विभाग ने ‘परिंडा बांधो अभियान’ के तहत जयपुर की सांगानेर शाखा में परिंडे बांधे। इसका उद्देश्य सभी सहकारी परिसरों में दाना-पानी सुनिश्चित कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

विस्तार
जयपुर। डिजिटल डेस्क | 26 मई | भीषण गर्मी और नोतपा के इस दौर में बेजुबान पक्षियों को राहत देने के लिए सहकारिता विभाग द्वारा शुरू किए गए ‘परिंडा बांधो अभियान’ को धरातल पर उतारने के प्रयास तेज हो गए हैं। सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक की प्रेरणा से शुरू हुए इस अभियान के तहत आज सहकार नेता सूरज भान सिंह आमेरा ने जयपुर सीसीबी की सांगानेर शाखा एवं सांगानेर ग्राम सेवा सहकारी समिति परिसर में बैंक और पैक्स कर्मियों के साथ मिलकर वृक्षों पर पक्षियों के लिए दाना-पानी का परिंडा बांधा। सहकार नेता आमेरा ने कहा कि सहकारिता विभाग द्वारा शुरू किए गए ‘परिंडा बांधो अभियान’ का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के सभी विभागीय कार्यालयों, केंद्रीय सहकारी संस्थाओं, बैंक शाखाओं, केवीएसएस और ग्राम सेवा सहकारी समितियों के परिसरों में मिट्टी के परिंडे और जल पात्र लगाकर पक्षियों के लिए नियमित दाना-पानी सुनिश्चित करना है। उन्होने कहा कि राजस्थान की जीव-दया की सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस अभियान के जरिए समाज में संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा की जा रही है। इस पुनीत कार्य के दौरान आमेरा के साथ शाखा प्रबंधक हेमंत वर्मा, व्यवस्थापक श्यौराज स्वामी, मनीष गंगवाल, अभिषेक अग्रवाल, सोहनलाल शर्मा और अभिषेक सिंघवी सहित कई समिति सदस्य मौजूद रहे।


