सार
Jalore : जसवंतपुरा में पैक्स कर्मचारियों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उनकी मुख्य मांगें स्पष्ट कैडर निर्धारण, नियमितीकरण प्रक्रिया को पुनः शुरू करना और सभी पदों के लिए आयु सीमा 18-40 वर्ष तय करना हैं।

विस्तार
जालोर । 20 मार्च | डिजिटल डेस्क | जिले के जसवंतपुरा ब्लॉक की ग्राम सेवा सहकारी समितियों के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर उपखंड अधिकारी प्रीति चक को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि लंबे समय से उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनमें भारी असंतोष है। ज्ञापन के माध्यम से उठाई गई प्रमुख मांग यह है कि समितियों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए अब तक स्पष्ट कैडर अथॉरिटी और नियोक्ता का निर्धारण नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों के बीच अपने भविष्य और अधिकारों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसके अलावा, नियमितीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कर्मचारियों ने बताया कि जुलाई 2017 से पहले नियुक्त कर्मियों के नियमितीकरण की, जो प्रक्रिया वर्ष 2022 में शुरू हुई थी, वह समय की कमी के कारण अधूरी रह गई थी, जिसे अब पुनः शुरू करने की आवश्यकता है। साथ ही, व्यवस्थापक से लेकर कंप्यूटर ऑपरेटर तक के सभी पदों के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित कर उन्हें नियमितीकरण का लाभ देने की पुरजोर मांग की गई। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष नीतिराज सिंह और उपाध्यक्ष शंकरलाल सहित बड़ी संख्या में पैक्स कर्मचारी उपस्थित रहे।


