सार
Chittorgarh : राजस्थान सहकारी कर्मचारी संघर्ष समिति के सम्मेलन में चार सूत्रीय मांगों हेतु जयपुर कूच का निर्णय लिया गया। कर्मचारियों द्वारा भरतपुर से पदयात्रा और नागौर से ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा।

विस्तार
चित्तौड़गढ़ | डिजिटल डेस्क | 15 अप्रैल | राजस्थान सहकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, जयपुर का छठा सम्मेलन आज 15 अप्रैल को चित्तौड़गढ़ जिले में आयोजित किया गया। इस सम्मेलन की अध्यक्षता लक्ष्मण सिंह शक्तावत ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश संयोजक हनुमान सिंह राजावत और मदन मेनारिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों के अध्यक्ष और पदाधिकारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सम्मेलन के दौरान संघर्ष समिति ने घोषणा की है कि पैक्स-लैम्पस कर्मचारियों की चार सूत्रीय मांगों को लेकर अगले सप्ताह भरतपुर संभाग से एक विशाल पदयात्रा शुरू की जाएगी। इस यात्रा का पहला पड़ाव दौसा के मेंहदीपुर बालाजी में होगा, जहाँ विभिन्न जिलों के कर्मचारी एकत्र होंगे। इसी के साथ नागौर जिले से कर्मचारियों का एक जत्था ट्रैक्टर मार्च निकालते हुए मेंहदीपुर बालाजी पहुँचेगा और फिर ये दोनों यात्राएं एक साथ जयपुर कूच कर वहां महापड़ाव डालेंगी। प्रदेश संयोजक हनुमान सिंह राजावत ने कर्मचारियों से आह्वान किया कि ‘दाम नहीं तो काम नहीं’ के सिद्धांत पर अडिग रहें और अपनी एकता बनाए रखें।
संयोजक मदन मेनारिया ने संगठित होकर संघर्ष करने पर जोर दिया, वहीं हेमंत व्यास ने स्पष्ट किया कि जब तक मांगों का समाधान नहीं होता, कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। कार्यक्रम में महिपाल सिंह ने भी संगठन की मजबूती पर बल दिया। लगातार दूसरी बार निर्विरोध जिला अध्यक्ष चुने गए देवेंद्र सिंह शक्तावत ने चित्तौड़गढ़ जिले की ओर से संघर्ष समिति को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया। इस दौरान महिपाल सिंह, जितेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र सिंह, वासुदेव पाटीदार, सत्यनारायण तिवारी, महावीर सिंह, नन्द लाल, सोमेश्वर त्रिवेदी, लोकेंद्र सिंह, खेतसिंह, तुलसीराम सेवक आदि उपस्थित रहें । कार्यक्रम का संचालन हेमंत व्यास ने किया और आभार हेमेंद्र सिंह व जितेंद्र सिंह ने व्यक्त किया।
चित्तौड़गढ़ जिला कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन
सम्मेलन के अंत में राजस्थान बहुउद्देशीय सहकारी सोसायटी कर्मचारी यूनियन की चित्तौड़गढ़ जिला कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन किया गया। इसमें देवेंद्र सिंह शक्तावत को जिला अध्यक्ष, प्रकाश चंद जैन, शंकर लाल जाट व देवेंद्र सिंह हाड़ा को उपाध्यक्ष, अशोक कुमार सोनी को महामंत्री और हेमेंद्र सिंह राठौड़ को कोषाध्यक्ष चुना गया। साथ ही पुष्कर लाल तेली को महासचिव, जितेंद्र सिंह चुंडावत को जिला प्रवक्ता और अन्य पदाधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। नवनियुक्त कार्यकारिणी का प्रदेश पदाधिकारियों ने माला पहनाकर स्वागत किया।


