Home उदयपुर संभाग “सहकारिता में सहकार” कार्यशाला: डेयरी समितियों को मिलेंगे नए माईक्रो एटीएम और बैंकिंग सुविधाएँ

“सहकारिता में सहकार” कार्यशाला: डेयरी समितियों को मिलेंगे नए माईक्रो एटीएम और बैंकिंग सुविधाएँ

सार 

Udaipur : सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक और राजसमन्द डेयरी के तत्वाधान में “सहकारिता में सहकार” कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें नाबार्ड द्वारा 90% अनुदान पर माईक्रो एटीएम देने, डेयरी खातों और कृषकों को रुपे कार्ड वितरण की जानकारी दी गई।

विस्तार 

उदयपुर, डिजिटल डेस्क | 15 जून | उदयपुर सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक तथा राजसमन्द जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के संयुक्त तत्वाधान में राजसमन्द डेयरी प्रधान कार्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की पहल “सहकारिता में सहकार” के अन्तर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में बैंक की अधिशाषी अधिकारी डॉ. मेहजबीन बानों ने प्राथमिक डेयरी सहकारी समितियों के सचिवों को इस संकल्पना का परिचय करवाया। उन्होंने बैंक द्वारा दुग्ध उत्पादकों को दी जा रही विशेष सुविधाओं जैसे नकद जमा एवं निकासी, आधार लिंकिंग, डेबिट कार्ड, त्वरित बैलेंस जानकारी और मिनि स्टेटमेन्ट के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नाबार्ड राजसमन्द के डीडीएम आशीष जैन ने बताया कि नाबार्ड वित्तीय समावेशन योजना के तहत केन्द्रीय सहकारी बैंकों को 90 प्रतिशत अनुदान पर माईक्रो एटीएम उपलब्ध करवा रहा है। बैंक के कम्प्यूटर प्रोग्रामर हितेश पांचाल ने बताया कि बैंक अब तक 179 सहकारी समितियों को माईक्रो एटीएम उपलब्ध करवा चुका है, जिनमें 95 डेयरी समितियाँ हैं। बैंक ने 100 और माईक्रो एटीएम क्रय करने का प्रस्ताव भिजवाया है। राजसमन्द डेयरी के प्रबंध निदेशक बी. एल. चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अधिक से अधिक खाते केन्द्रीय सहकारी बैंक में खोलने और सचिवों को बैंक मित्र बनाकर माईक्रो एटीएम प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करने का आश्वासन दिया।

कृषकों को रुपे कार्ड का वितरण और बैंक खाता खोलने की पहल

कार्यशाला के समापन पर चयनित कृषकों को रुपे कार्ड वितरित किये गये तथा बैंक खाता खोलने के आवेदन भी प्राप्त किये गये। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में राजसमन्द जिले की 40 से अधिक प्राथमिक डेयरी सहकारी समितियों के सचिव उपस्थित रहे। अंत में प्रबंध निदेशक आशुतोष भट्ट द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई।

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!