सार
सिरोही सीसीबी की 69वीं साधारण सभा में किसानों को पर्याप्त खाद-बीज और बीमा क्लेम दिलाने पर जोर दिया गया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली समितियों व कार्मिकों को सम्मानित किया गया।
विस्तार 
सिरोही।| जिला ङेस्क 19 अगस्त | दी सिरोही सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लि., सिरोही की 69वीं साधारण सभा का आयोजन स्थानीय स्तर पर संपन्न हुआ। बैंक के प्रशासक एवं जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में वर्ष 2025-26 की वित्तीय उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तार से मंथन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पैक्स ङबानी के अध्यक्ष सुल्तानसिंह देवड़ा द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।बैठक के दौरान बैंक के प्रशासक ने सभी हिस्साधारक सदस्यों का स्वागत करते हुए वित्त वर्ष 2025-26 की प्रगति रिपोर्ट सदन के समक्ष रखी।
बैंक के प्रबंध निदेशक पुनााराम चोयल ने एजेंडावार कार्यवाही का संचालन करते हुए वित्तीय लेखों का विवरण प्रस्तुत किया। सदन में उपस्थित सदस्यों ने बैंक द्वारा अर्जित की गई वित्तीय उपलब्धियों और कार्यप्रणाली पर गहरा संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर सहकारिता आंदोलन को मजबूती देने और बैंकिंग अधिनियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए उपस्थित सदस्यों को विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।बैठक में केवल वित्तीय आंकड़ों पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि जिले के किसानों से जुड़े जमीनी मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। उपस्थित अध्यक्षगणों ने मांग रखी कि आगामी फसल सीजन को देखते हुए किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज का वितरण सुनिश्चित किया जाए।
इसके अतिरिक्त, भारतीय कृषि बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जिले के अधिकतम पात्र किसानों के बीमा क्लेम का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि उन्हें फसल खराबे के आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।नवीन गठित सहकारी समितियों के सुदृढ़ीकरण पर भी विशेष जोर दिया गया। प्रबंध तंत्र से आग्रह किया गया कि नई समितियों के लिए गोदाम निर्माण और कार्यालय भवन हेतु भूमि आवंटन की प्रक्रिया को गति दी जाए। बैठक के समापन पर सहकारिता विभाग जयपुर की संयुक्त रजिस्ट्रार प्रथम ज्योति गुप्ता, निरीक्षक मल्लिका त्रिवेदी, उप रजिस्ट्रार हरिराम पूनिया और बैंक के समस्त स्टाफ की उपस्थिति में सभी का आभार व्यक्त किया गया। इस सभा ने एक ओर जहाँ बैंक की पारदर्शी कार्यशैली को रेखांकित किया, वहीं दूसरी ओर भविष्य में सहकारी तंत्र को और अधिक किसान-हितैषी बनाने का संकल्प भी लिया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित
बैंक द्वारा वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सहकर्मियों और समितियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस श्रेणी में मोहब्बतनगर, ङबानी एवं कोदरला ग्राम सेवा सहकारी समितियों के अध्यक्षों और व्यवस्थापकों को उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। इसके अलावा, बैंक के व्यक्तिगत हित में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले श्री अविनाश अग्रवाल और श्री मयंक कुमार शर्मा को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रशासक महोदय ने इन सभी को भविष्य में भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस सम्मान समारोह का उद्देश्य अन्य समितियों और कर्मियों के बीच एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है, ताकि सहकारी सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाया जा सके। बैठक में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने सम्मानित होने वाले सभी प्रतिभागियों की प्रशंसा की।
बीमा क्लेम और कृषि संसाधनों की उपलब्धता पर जोर
साधारण सभा में सबसे प्रमुख मांग किसानों को समय पर कृषि इनपुट उपलब्ध कराने की रही। उपस्थित अध्यक्षों ने एकमत होकर प्रशासक से आग्रह किया कि किसानों की फसलें प्रभावित न हों, इसके लिए खाद और बीज का पर्याप्त भंडारण और वितरण समय रहते सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, कृषि बीमा के मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए भारतीय कृषि बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों को सख्त निर्देश दिए गए। बैठक में कहा गया कि क्लेम प्रक्रिया को जटिल बनाने के बजाय उसे सरल बनाया जाए ताकि जिले का कोई भी किसान अपने हक से वंचित न रहे। जिला कलेक्टर ने भी इन सुझावों का समर्थन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बीमा क्लेम की पेंडेंसी को समाप्त कर किसानों को त्वरित लाभ पहुँचाया जाए। यह पहल जिले के कृषि क्षेत्र के लिए काफी सकारात्मक मानी जा रही है।


