Home राष्ट्रीय सहकारिता का महाउत्सव: दिल्ली में कल गूंजेगा ‘सहकार से समृद्धि’ का शंखनाद, अमित शाह देंगे 50,000 पैक्स को नई डिजिटल पहचान

सहकारिता का महाउत्सव: दिल्ली में कल गूंजेगा ‘सहकार से समृद्धि’ का शंखनाद, अमित शाह देंगे 50,000 पैक्स को नई डिजिटल पहचान

सार

केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह कल सहकारिता मंत्रालय के 5वें स्थापना दिवस पर 50,000 ई-पैक्स, आधुनिक अन्न गोदामों, ‘सहकार वन’ और डिजिटल बैंकिंग पहलों का उद्घाटन कर सहकारिता क्षेत्र को नई तकनीक और मजबूती प्रदान करेंगे।

विस्तार 

​नई दिल्ली। डिजिटल डेस्क।  5  जुलाई।  देश के सहकारी आंदोलन को एक नई ऊंचाई और आधुनिक तकनीक का आधार देने के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह कल 6 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में सहकारिता मंत्रालय के 5वें स्थापना दिवस समारोह का शंखनाद करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को गति देते हुए, इस कार्यक्रम में सहकारी क्षेत्र के कायाकल्प की नींव रखी जाएगी। समारोह का मुख्य आकर्षण जमीनी स्तर पर काम करने वाली प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS) का डिजिटल कायापलट होगा। देश की 50,000 पैक्स को ई-पैक्स के रूप में अपग्रेड किया जाएगा, जिससे ग्रामीण स्तर पर बैंकिंग और अन्य सुविधाएं पारदर्शी और सुलभ होंगी। इसके अलावा, शहरी सहकारी बैंकों को सशक्त बनाने के लिए ‘सहकार CBS’ और एआई-आधारित ‘सहकार सहयोगी’ प्लेटफॉर्म का अनावरण किया जाएगा, जो बैंकिंग सेक्टर में नई क्रांति लाएंगे।

भंडारण से लेकर वन-संवर्धन तक

अन्न भंडारण की दुनिया की सबसे बड़ी योजना के तहत 232 गोदामों का हस्तांतरण, लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा, जो खाद्य सुरक्षा की दृष्टि से मील का पत्थर साबित होगा। साथ ही, अमूल और एनसीसीएफ के सहयोग से 64 एकड़ में फैले ‘सहकार वन’ परियोजना का भूमि पूजन होगा, जो पर्यावरण और सहकारी सहभागिता का अनूठा उदाहरण बनेगा। उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में टिश्यू कल्चर की नई इकाइयों का शुभारंभ कृषि तकनीक को नई दिशा देगा।

कार्यक्रम की प्रमुख उपलब्धियां:

  • ​डेयरी क्षेत्र का विस्तार: ‘कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स ऑर्गनाइजेशन’ और ‘गोमय सहकारी समिति’ का उद्घाटन।
  • तकनीकी सुदृढ़ीकरण: NCD 3.0, जियो-टैग मोबाइल ऐप और NDDB के दूध आपूर्ति समीक्षा डैशबोर्ड का शुभारंभ।
  • बीज क्रांति: BBSSL और ICAR के बीच बीज प्रणाली को मजबूत करने के लिए अहम एमओयू पर हस्ताक्षर।
  • मार्गदर्शिका: डेयरी सहकारी समितियों के लिए आदर्श उप-विधियां जारी की जाएंगी।

राजस्थान का रहेगा प्रतिनिधित्व

इस गरिमामयी समारोह में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की विशेष उपस्थिति रहेगी। उनके साथ केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ‘ललन सिंह’, कृष्ण पाल गुर्जर और मुरलीधर मोहोल सहित सहकारिता क्षेत्र के कई दिग्गज शामिल होंगे। पिछले पांच वर्षों में सहकारिता मंत्रालय ने पारदर्शिता, तकनीक और संस्थागत सुदृढ़ीकरण के माध्यम से जो बदलाव किए हैं, यह कार्यक्रम उसी गौरवशाली यात्रा का प्रतिबिंब बनेगा।

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!