सार
ईएसआईसी भिवाड़ी की नर्सिंग ऑफिसर कुसुम भाटी ने एम्स रायपुर के दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति के हाथों 5 विषयों में गोल्ड मेडल प्राप्त कर राजस्थान का मान बढ़ाया है।
विस्तार 
जोधपुर/भिवाड़ी | ब्यूरो डिजिटल डेस्क | 2 सितंबर 2026|भिवाड़ी के ईएसआईसी हॉस्पिटल में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत जोधपुर की बेटी कुसुम भाटी ने अपनी कड़ी मेहनत और मेधा के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का मान बढ़ाया है। रायपुर (छत्तीसगढ़) स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने कुसुम भाटी को नर्सिंग क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाली कुसुम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में हर्ष की लहर है।कुसुम भाटी को नर्सिंग शिक्षा के विभिन्न कठिन विषयों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने और ‘गोल्ड मेडलिस्ट’ बनने पर प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा गया। वह साइकोलॉजी, मेडिकल सर्जिकल नर्सिंग-II, मेंटल हेल्थ नर्सिंग, ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी नर्सिंग और नर्सिंग मैनेजमेंट सहित पांच प्रमुख विषयों में ऑल ओवर टॉपर रहीं।कुसुम भाटी के पिता ताराचंद भाटी वर्तमान में केंद्रीय सहकारी बैंक (CCB), जोधपुर में सहायक अधिशाषी अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह राजस्थान में राज्य सहकारी सेवाएं (State Cooperative Services) के तहत सहकारी निरीक्षक (Cooperative Inspector) के पद पर पदस्थ हैं और वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा केंद्रीय सहकारी बैंक, जोधपुर में तैनात किए गए हैं। एक कर्मठ पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाली कुसुम की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सच्ची लगन और दृढ़ संकल्प से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।भारत के उपराष्ट्रपति के कर-कमलों से एक सामान्य परिवार की बेटी का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना पूरे सहकारी परिवार के लिए एक गौरवशाली क्षण है। स्थानीय प्रबुद्धजनों, सहकारी कर्मियों और शुभचिंतकों ने कुसुम भाटी को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


