Home जयपुर डॉ. समित शर्मा ने संभाला सहकारिता विभाग के शासन सचिव का पदभार; पहले ही दिन 36 अधिकारी-कर्मचारी मिले अनुपस्थित

डॉ. समित शर्मा ने संभाला सहकारिता विभाग के शासन सचिव का पदभार; पहले ही दिन 36 अधिकारी-कर्मचारी मिले अनुपस्थित

सार 

Jaipur : डॉ. समित शर्मा ने सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार का पदभार संभाला। उन्होंने पारदर्शिता, समयबद्धता और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यप्रणाली पर जोर देते हुए ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को दोहराया।

IAS SUMIT SHARMA

विस्तार 

जयपुर, 27 मार्च। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी डॉ. समित शर्मा ने शुक्रवार को शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारिता विभाग का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने पदभार ग्रहण करने के पश्चात् नेहरू सहकार भवन में वरिष्ठ अधिकारियों से विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजना के संबंध में चर्चा की। साथ ही, विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर उपस्थिति रजिस्टर की जांच भी की। इस दौरान प्रातः 10 बजे 36 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिनमें 19 अधिकारी तथा 17 कर्मचारी शामिल हैं।
नव पदस्थापित शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार डॉ. समित शर्मा ने कहा कि सहकारिता विभाग प्रदेश के गांव-गांव तक नेटवर्क विस्तार वाला महत्वपूर्ण विभाग है। कृषकों एवं ग्रामीणों से इस विभाग का सीधा सम्बन्ध है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों के साथ मिलकर योजनाओं की बेहतर क्रियान्विति सुनिश्चित की जाएगी तथा योजनाओं से अधिकाधिक कृषकों एवं पात्र लोगों को लाभान्वित कर ‘सहकार से समृद्धि’ की संकल्पना को साकार करने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. शर्मा ने अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनहित को प्राथमिकता में रखते हुए कार्य करने तथा पेंडेंसी शून्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी समय पर कार्यालय आएं तथा पूरे समय कार्यालय में उपस्थित रहें। उन्होंने आगामी दिनों में किए जाने वाले कार्यों की टू डू लिस्ट तैयार करने तथा इन कार्यों को संपादित करने की समयबद्ध रूपरेखा बनाने के निर्देश दिए। विभागीय कार्यों की साप्ताहिक रूप से समीक्षा की जाएगी। शासन सचिव ने कहा कि प्रकरणों का समयबद्ध रूप से निस्तारण किया जाए। साथ ही, उन्होंने भ्रष्टाचारमुक्त कार्यप्रणाली अपनाते हुए तथा किसानों एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्य करने के भी अधिकारियों निर्देश दिए।

परिचय : प्रकाश वैष्णव एक सहकारी चिंतक, विश्लेषक, स्तंभकार और पत्रकार हैं।
​पत्रकारिता अनुभव: वे पिछले 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।
करियर की शुरुआत: उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत सबसे पहले साप्ताहिक समाचार पत्र ‘जय सत्यपुर’ से की थी।
​अन्य सेवाएँ: इसके बाद उन्होंने ‘लोक सूचना’ एवं ‘क्षेत्र का साथी’ समाचार पत्रों में भी अपनी सेवाएँ दीं।
​वर्तमान दायित्व: वर्तमान में वे सहकारी आंदोलन को समर्पित प्रमुख हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र ‘मारवाड़ का मित्र’ और ‘MKM MEDIA’ समूह वेब पोर्टल के चीफ एडिटर के रूप में निरंतर संचालन कर रहे हैं।

error: Content is protected !!