Home जयपुर एमएसपी पर खरीद के संबंध में सहकारिता मंत्री का सख्त रवैया- फर्जी गिरदावरी पर होगी कार्रवाई, गलत रजिस्ट्रेशन होंगे निरस्त

एमएसपी पर खरीद के संबंध में सहकारिता मंत्री का सख्त रवैया- फर्जी गिरदावरी पर होगी कार्रवाई, गलत रजिस्ट्रेशन होंगे निरस्त

सार 

Jaipur : सहकारिता मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि जिन लोगों द्वारा बुवाई के विपरीत फर्जी गिरदावरी दर्ज की गई है, उनके विरुद्ध संबंधित जिला कलेक्टर द्वारा की जाए कार्रवाई
225601 Image 6c40d681 a2eb 4073 96d1 97353fd7241

विस्तार 

जयपुर, 27 अक्टूबर। खरीफ 2025 में समर्थन मूल्य पर जिंस बेचान के लिए फर्जी गिरदावरी और गलत रजिस्ट्रेशन की शिकायतों पर सख्त रवैया अपनाते हुए सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम कुमार दक ने निर्देश दिए हैं कि जिन लोगों द्वारा बुवाई के विपरीत फर्जी गिरदावरी दर्ज की गई है, उनके विरुद्ध संबंधित जिला कलेक्टर द्वारा कार्रवाई की जाए।
श्री दक सोमवार को शासन सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में राजफेड द्वारा किसानों से मूंग, मूंगफली, उड़द और सोयाबीन की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की तैयारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि फर्जी गिरदावरी के आधार पर यदि किसी ने समर्थन मूल्य पर जिंस बेचान के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है तो उसे निरस्त किया जाए, ताकि वास्तविक किसानों को समर्थन मूल्य पर खरीद योजना का लाभ मिल सके। फर्जी गिरदावरी के आधार पर गलत रजिस्ट्रेशन करने वाले ई-मित्र संचालकों के विरूद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में उन्होंने जिला कलेक्टर, बीकानेर को दूरभाष पर तत्काल जाँच एवं कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सहकारिता मंत्री ने बैठक में यह भी निर्देश दिए कि खरीद केंद्रों पर फसल की गुणवत्ता जाँच के लिए नैफेड और एनसीसीएफ की ओर से सर्वेयर लगाए जाएं। खरीद केन्द्रों पर जिंस की तुलाई हेतु पर्याप्त संख्या में कांटे लगाए जाएं और खरीदी गई फसल को वेयरहाउस में जमा कराने के लिए हैंडलिंग एवं परिवहन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में राजफेड के प्रबंध निदेशक श्री टीकम चन्द बोहरा, नैफेड के राज्य प्रमुख श्री महेंद्र सिंह रावत, एनसीसीएफ की राज्य प्रमुख मधु शर्मा, राजफेड महाप्रबंधक वाणिज्य श्री कार्तिकेय मिश्रा एवं उप प्रबंधक आईटी श्री पवन ओझा उपस्थित रहे।

परिचय : प्रकाश वैष्णव एक सहकारी चिंतक, विश्लेषक, स्तंभकार और पत्रकार हैं।
​पत्रकारिता अनुभव: वे पिछले 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।
करियर की शुरुआत: उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत सबसे पहले साप्ताहिक समाचार पत्र ‘जय सत्यपुर’ से की थी।
​अन्य सेवाएँ: इसके बाद उन्होंने ‘लोक सूचना’ एवं ‘क्षेत्र का साथी’ समाचार पत्रों में भी अपनी सेवाएँ दीं।
​वर्तमान दायित्व: वर्तमान में वे सहकारी आंदोलन को समर्पित प्रमुख हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र ‘मारवाड़ का मित्र’ और ‘MKM MEDIA’ समूह वेब पोर्टल के चीफ एडिटर के रूप में निरंतर संचालन कर रहे हैं।

error: Content is protected !!