सार
राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने चाकसू के चंदलाई गांव में स्वर्गीय रामनारायण योगी के आश्रित को 10 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा क्लेम सौंपा है। सहकारिता विभाग की ‘सहकार दुर्घटना बीमा योजना’ ग्रामीण अंचल के पीड़ित परिवारों को एक बड़ा आर्थिक संबल प्रदान कर रही है।
विस्तार 
जयपुर | प्रदेश डेस्क 21 सितंबर:|राजस्थान सरकार की ‘सहकार दुर्घटना बीमा योजना’ ग्रामीण अंचल के पीड़ित परिवारों के लिए एक बड़ा आर्थिक संबल साबित हो रही है। इसी कड़ी में राजधानी जयपुर की चाकसू तहसील के अंतर्गत आने वाली चंदलाई मे राजस्थान की उपमुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी ग्राम चंदलाई में चार करोड़ इक्यावन लाख रुपये (₹4.51 करोड़) की लागत से होने वाले अटल पथ, सड़क चौड़ीकरण एवं सड़क निर्माण कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचीं।इस अवसर पर उन्होंने चंदलाई ग्राम सेवा सहकारी समिति के एक मृतक ऋणी सदस्य के आश्रित पुत्र एवं नॉमिनी श्री शंकर लाल को दस लाख रुपये की बीमा क्लेम राशि का डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) सुपुर्द किया।
चंदलाई ग्राम सेवा सहकारी समिति के ऋणी सदस्य स्वर्गीय रामनारायण योगी समिति के एक बेहद सक्रिय और निष्ठावान सदस्य थे। एक दुर्घटना में उनकी आकस्मिक मृत्यु के पश्चात सहकारिता विभाग की इस योजना ने उनके परिवार को यह बड़ा आर्थिक सुरक्षा कवच प्रदान किया है।इस अवसर पर प्रदेश में सहकारी आंदोलन और इसके त्रिस्तरीय ढांचागत परिदृश्य पर विशेष प्रकाश डाला गया। अतीत से लेकर वर्तमान तक सहकारिता ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। चंदलाई ग्राम सेवा सहकारी समिति पिछले 68 वर्षों (30 अगस्त 1958 से) से निरंतर किसानों और क्षेत्रवासियों की सेवा में समर्पित है।
कार्यक्रम के दौरान सहकारिता विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी नीतियों व योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि अधिक से अधिक किसान और ग्रामीण इनसे लाभान्वित हो सकें। इस दौरान रामसिंह राजावत, समिति अध्यक्ष महेश शर्मा, उपाध्यक्ष सेवत सिंह, लक्ष्मण सिंह सहित शाखा प्रबंधक, समिति संचालक मंडल के सदस्य, कोटखावदा शाखा प्रबंधक के.के. गुर्जर, समिति व्यवस्थापक शंकर सिंह नरुका, सहायक व्यवस्थापक मूलचंद यादव व रामप्रसाद यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और समिति से जुड़े आमजन उपस्थित रहे।
सहकारी आंदोलन की इकाई पैक्स से बदल रही ग्रामीण तस्वीर: चंदलाई पैक्स ने तय किए सेवा के 68 वर्ष

राजस्थान में सहकारी आंदोलन का त्रिस्तरीय ढांचा ग्रामीण और कृषि विकास की रीढ़ बना हुआ है। जमीनी स्तर पर कार्य कर रही प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियाँ (पैक्स) किसानों को खाद, बीज और अल्पकालीन ऋण के साथ-साथ अब सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी पूरी पारदर्शिता के साथ पहुँचा रही हैं। इसका एक बेहतरीन उदाहरण राजधानी यानी जयपुर जिले के चाकसू की चंदलाई ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड है, जो पिछले 68 वर्षों से ग्रामीण अंचल में सहकारिता की अलख जगा रही है।30 अगस्त 1958 को पंजीकृत यह समिति आज किसानों के वित्तीय लेन-देन और विश्वास का मुख्य केंद्र बन चुकी है। समिति के वर्तमान कार्य-परिदृश्य पर नजर डालें तो यहाँ कुल 1,100 सदस्य जुड़े हैं, जिनमें 604 ऋणी तथा 496 अऋणी सदस्य हैं। मजबूत वित्तीय प्रबंधन का ही परिणाम है कि समिति की कुल हिस्सा राशि 27.51 लाख रुपए, ऋण वितरण 434.26 लाख रुपए, व्यक्तिगत जमा राशि 1,632.56 लाख रुपए और संचित लाभ 42.82 लाख रुपए तक पहुँच चुका है।हाल ही में आयोजित कार्यक्रम में समिति के माध्यम से मृतक सदस्य रामनारायण योगी के आश्रित को 10 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा क्लेम मिलना इस बात का प्रमाण है कि सहकारिता अब केवल ऋण तक सीमित नहीं, बल्कि किसानों के जीवन और उनके परिवारों की सुरक्षा का एक मजबूत संबल बन चुकी है।


