Home राज्य राजस्थान सहकारी साख संरचना: पैक्स स्तर पर 20 जुलाई से विशेष शिविर, 2348 करोड़ के अवधिपार ऋणों की होगी वसूली

सहकारी साख संरचना: पैक्स स्तर पर 20 जुलाई से विशेष शिविर, 2348 करोड़ के अवधिपार ऋणों की होगी वसूली

सार 

#Rajasthan पैक्स स्तर पर 20 जुलाई से 19 अगस्त तक विशेष शिविर लगाकर 2348.65 करोड़ रुपये के अवधिपार ऋण वसूले जाएंगे।

विस्तार 

जयपुर, |प्रदेश ङेस्क 21 जुलाई |राज्य में सहकारी साख संरचनात्मक से जुड़े किसानों के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। दि राजस्थान स्टेट को-ऑप बैंक (शीर्ष बैंक) ने अल्पकालीन फसल ऋणों के तहत भारी-भरकम अवधिपार (Overdue) चल रहे बकायों को वसूलने के लिए बेहद कड़े कदम उठाए हैं। बैंक प्रबंधन ने प्रदेश के समस्त केन्द्रीय सहकारी बैंकों के प्रबंध निदेशकों को आधिकारिक पत्र जारी कर आगामी 20 जुलाई से 19 अगस्त तक ग्राम सेवा सहकारी समितियों (पैक्स) स्तर पर विशेष कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।वर्तमान में सीबीएस (CBS) रिपोर्ट से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, अल्पकालीन फसल ऋण वितरण के अंतर्गत लगभग 2348.65 करोड़ रुपये की राशि अवधिपार बकाया चल रही है। बैंक प्रबंधन का मानना है कि पूर्व में आयोजित समीक्षा बैठकों और पत्रों के जरिए निर्देश देने के बावजूद अपेक्षित प्रगति हासिल नहीं हो पाई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अब इस पूरी प्रक्रिया को एक विशेष अभियान के रूप में ‘मिशन मोड’ पर चलाया जा रहा है।शीर्ष बैंक के प्रबंध निदेशक रणजीत सिंह चुंडावत द्वारा जारी निर्देशों के तहत, सभी केन्द्रीय सहकारी बैंक अपने स्तर पर अवधिपार कृषकों की विस्तृत सूची तैयार करेंगे। इस सूची को शाखावार और पैक्सवार विभाजित करते हुए संबंधित पैक्स पर शिविरों का आयोजन पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाएगा।

वित्तीय तरलता बढ़ेगी और फिर शुरू होगा फसली चक्र

विशेषज्ञों का मानना है कि अवधिपार ऋणों की वसूली के इस अभियान के तहत बकाया फसली ऋण की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित होने से सहकारिता बैंकिंग सेक्टर में वित्तीय तरलता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही, इस अभियान का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अवधिपार ऋणी सदस्यों को एक बार फिर से नए सिरे से फसली चक्र से जोड़ा जा सकेगा, जिससे वे भविष्य में भी सहकारिता व्यवस्था का लाभ ले सकें

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!