Home जालोर जालोर-सिरोही डेयरी संघ में ‘सहकार से समृद्धि अभियान’ का आगाज, दुग्ध उत्पादकों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने पर जोर

जालोर-सिरोही डेयरी संघ में ‘सहकार से समृद्धि अभियान’ का आगाज, दुग्ध उत्पादकों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने पर जोर

​सार 

Jalore : ‘सहकार से समृद्धि अभियान’ का शुभारंभ हुआ, जिसका उद्देश्य डेयरी किसानों को बैंकिंग सेवाओं व माइक्रो एटीएम से जोड़ना है। पहले दिन 20 सदस्यों ने बैंक खाते खुलवाए।

​विस्तार

जालोर । डिजिटल डेस्क | 10 जून | राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार जिले में सहकारिता को सशक्त बनाने की दिशा में बुधवार को जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड जालोर-सिरोही के मुख्यालय में ‘सहकार से समृद्धि अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य डेयरी से जुड़े किसानों और समितियों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं और वित्तीय साक्षरता से जोड़ना है। अभियान के उद्घाटन सत्र में रानीवाड़ा क्षेत्र की विभिन्न डेयरी समितियों के सचिवों ने विशेष रूप से भाग लिया।

केंद्रीय सहकारी बैंक जालोर के प्रबंध निदेशक नारायण सिंह चारण ने बताया कि अभियान के दौरान उपस्थित सदस्यों को बैंकिंग सेवाओं के महत्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार माइक्रो एटीएम कार्ड का उपयोग कर ग्रामीण स्तर पर लेन-देन को आसान बनाया जा सकता है। इसके साथ ही, दुग्ध उत्पादकों के बैंक खाते खुलवाने के लाभों और उन्हें ‘बैंक मित्र’ के रूप में जोड़कर समितियों की आय में वृद्धि करने के तरीकों पर विस्तृत चर्चा की गई।

​अभियान के पहले ही दिन उत्साहजनक परिणाम देखने को मिले, जहां 3 डेयरी समितियों और 20 दुग्ध उत्पादक सदस्यों ने बैंक खाते खुलवाने के लिए अपने आवेदन जमा किए। इस पहल से भविष्य में दुग्ध उत्पादकों को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाने और सहकारी ढांचे को डिजिटल रूप से सक्षम बनाने में मदद मिलेगी।​इस अवसर पर अतिरिक्त अधिशाषी अधिकारी सुभाष चन्द्र, फिल्ड ऑफिसर जवान सिंह बालावत, रानीवाड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के शाखा प्रबंधक दीपक कुमार के साथ-साथ बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के सदस्य और स्थानीय किसान उपस्थित रहे।

परिचय : प्रकाश वैष्णव एक सहकारी चिंतक, विश्लेषक, स्तंभकार और पत्रकार हैं।
​पत्रकारिता अनुभव: वे पिछले 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।
करियर की शुरुआत: उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत सबसे पहले साप्ताहिक समाचार पत्र ‘जय सत्यपुर’ से की थी।
​अन्य सेवाएँ: इसके बाद उन्होंने ‘लोक सूचना’ एवं ‘क्षेत्र का साथी’ समाचार पत्रों में भी अपनी सेवाएँ दीं।
​वर्तमान दायित्व: वर्तमान में वे सहकारी आंदोलन को समर्पित प्रमुख हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र ‘मारवाड़ का मित्र’ और ‘MKM MEDIA’ समूह वेब पोर्टल के चीफ एडिटर के रूप में निरंतर संचालन कर रहे हैं।

error: Content is protected !!