Home राज्य 31 जुलाई तक खरीफ फसलों का बीमा करवा सकेंगे किसान

31 जुलाई तक खरीफ फसलों का बीमा करवा सकेंगे किसान

कुल बीमित राशि का 2 प्रतिशत प्रीमियम किसानों को कराना होगा जमा

दौसा, 09 जुलाई। राज्य सरकार ने खरीफ फसल 2024 के लिए फसल बीमा की अधिसूचना जारी कर दी है। दौसा जिले के लिए खरीफ 2024-25 में फसलों का बीमा करने के लिए एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ़ इंडिया लिमिटेड को अधिकृत किया गया है। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) दौसा डॉ. प्रदीप कुमार अग्रवाल ने बताया कि किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ़ फसलों का बीमा 31 जुलाई 2024 तक तक करवा सकेंगे। उन्होंने बताया कि जिन किसानों को फसल बीमा नहीं करवाना है, वे किसान लिखित में 24 जुलाई तक बैंक या समिति में सूचना देकर इस योजना से बाहर हो सकते है। उन्होंने बताया कि किसानों द्वारा खेतों में वास्तविक रूप से बोई गई फसलों की बुवाई की सूचना संबंधित बैंक या सहकारी समिति में 29 जुलाई तक लिखित में देनी होगी, ताकि वास्तविक बुवाई अनुसार फसलों का बीमा संबंधित बैंक या समिति के माध्यम से किया जा सके। फसल बीमा योजना का लाभ ऋणी, गैर ऋणी, बटाईदार किसान भी ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने 31 जुलाई 2024 तक किसी भी वित्तीय संस्थाओं से अल्पकालीन फसली ऋण स्वीकृत करवाया है, उन किसानों का बीमा संबंधित बैंक या सहकारी समिति के माध्यम से किया जाएगा एवं जिन किसानों ने ऋण नहीं ले रखा है, वे किसान नजदीकी ई -मित्र केंद्र या किसी भी बैंक या समिति के माध्यम से फसलों का बीमा करवा सकते हैं। गैर ऋणी किसान भूमि की नवीनतम जमाबंदी, बैंक पासबुक, आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज ले जाकर फसलों का बीमा करवा सकते हैं। फसलों का बीमा करवाने से बुवाई से लेकर कटाई तक विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से फसलों में होने वाले नुकसान की भरपाई की जाती है। खरीफ फसलों का बीमा करवाने के लिए किसानों को कुल बीमित राशि का 2 प्रतिशत प्रीमियम राशि जमा करानी होगी।कृषि अधिकारी दौसा अशोक कुमार मीना ने बताया कि खरीफ फसलों के बीमा के लिए प्रति हैक्टेयर कुल बीमित राशि व प्रीमियम की राशि इस प्रकार रहेगी।

मूँगफली फसल कुल बीमित राशि 108333 प्रीमियम राशि 2167
ग्वार फसल कुल बीमित राशि 55270 प्रीमियम राशि 1105
बाजरा फसल कुल बीमित राशि 44317 प्रीमियम राशि 886
तिल फसल कुल बीमित राशि 34181 प्रीमियम राशि 683
ज्वार फसल कुल बीमित राशि 27080 प्रीमियम राशि 542

उपनिदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक (आत्मा) दौसा नवल किशोर मीना ने बताया कि जिले के किसानों को सहायक कृषि अधिकारी एवं कृषि पर्यवेक्षकों के माध्यम से फसल बीमा योजना की जानकारी दी जा रही है। जिले के अधिक से अधिक किसानों को इस योजना से लाभान्वित करवाया जाएगा। किसानों को व्हाट्सएप ग्रुप, किसान गोष्ठी आयोजित करवा कर योजना की जानकारी दी जा रही है।

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!