
जयपुर, 23 जून। राजस्थान सरकार के सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक अपनी एक दिवसीय यात्रा के दौरान बालोतरा पहुंचे।अपनी एक दिवसीय यात्रा के दौरान सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने नाकोड़ा तीर्थ स्थल का दर्शन कर वृक्षारोपण किया। सहकारिता मंत्री श्री दक ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मानसून सत्र में विभिन्न सहकारी संस्थाओं में अधिकाधिक पौधे लगाये जाए और प्रकृति संरक्षण में सहकारी संस्थाएं महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाए। श्री दक ने बाड़मेर व बालोतरा जिले में दो हजार से अधिक और जोधपुर जोन में दस हजार से अधिक पौधे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि पौधारोपण पश्चात उचित सार संभाल भी की जाए। इस दौरान सहकारिता विभाग से शुद्धोधन उज्ज्वल अतिरिक्त रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां जोधपुर जोन और अनिल बिश्नोई, प्रबंध निदेशक बाड़मेर सेंट्रल को ऑपरेटिव बैंक उपस्थित रहे।

सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने जसोल धाम पहुंच कर किए देव दर्शन
रविवार को सहकारिता मंत्री एक दिवसीय यात्रा के दौरान जसोलधाम पहुंचे। जहां उन्होंने जगत जननी श्री राणीसा भटियाणीसा के दर्शन पूजन किए। सहकारिता मंत्री श्री गौतम दक के जसोल धाम पहुंचने पर श्री राणी भटियाणी मन्दिर संस्थान की ओर से स्वागत किया गया। सहकारिता मंत्री ने जसोलधाम में जसोल माँ के दर्शन कर प्रदेश में खुशहाली की मंगल कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि माँ के दर्शनों को आने से बड़ा सुकून मिलता है। जब भी इस क्षेत्र में आता हूँ तो माँ के दर्शन किए बिना नहीं जाता। यहां आने के बाद मन को सुकून मिलता है। उन्होंने कहा कि जब मैं पहली बार आया तो विधानसभा चुनाव का मौका था और माँ के दर्शन के दौरान ही मुझे प्रत्याशी बनाए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। माँ के आशीर्वाद से विजय मिली और प्रदेश सरकार में मंत्री पद पर आमजन की सेवा कर रहा हूँ। उन्होंने कहा कि धाम का स्वरूप बहुत ही सुंदर है। रावल किशनसिंह जसोल के मार्गदर्शन में यहां विकास कार्य हुए है, जिसका लाभ आने वाले श्रद्धालुओं को मिल रहा है। इस दौरान पचपदरा विधायक अरुण चौधरी भी मौजूद रहे।


