Home | cooperative | जयपुर | राजस्थान राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक की 61वीं वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न

राजस्थान राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक की 61वीं वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न

सार 

Rajasthan : आगामी वर्ष 2026-27 में 400 करोड़ रुपये के ऋण वितरण का लक्ष्य प्रस्तावित : एकमुश्त समझौता योजना के लिए राज्य सरकार का जताया आभार योजना की अवधि 31 मार्च, 2026 तक बढ़वाने का सर्वसम्मति से लिया प्रस्ताव

223922 Image a0689230 abd5 44f1 81d8 336bdaecb6c5

विस्तार 

जयपुर, 3 अक्टूबर। राजस्थान राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक (SLDB) की 61वीं वार्षिक साधारण सभा (AGM) शुक्रवार को एपेक्स बैंक के सभागार में आयोजित की गई। बैंक प्रशासक एवं अतिरिक्त रजिस्ट्रार (द्वितीय) श्री संदीप खण्डेलवाल की अध्यक्षता तथा बैंक प्रबंध निदेशक (MD) श्री जितेन्द्र प्रसाद की उपस्थिति में आयोजित आमसभा में  39 में से 26 सदस्यों ने भाग लिया। साधारण सभा में बैंक के वर्ष 2024-25 के संतुलन चित्र, लाभ-हानि खाता तथा बजट के विरुद्ध आय-व्यय प्रतिवेदन, ऋण वितरण कार्यक्रम तथा अन्य विषयों का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।
साधारण सभा में बताया गया कि वर्ष 2024-25 में राजस्थान राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक 216.05 लाख रुपये के शुद्ध लाभ में रहा है। बैंक द्वारा आगामी वर्ष 2026-27 में 400 करोड़ रुपये के ऋण वितरण का लक्ष्य प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा बजट सत्र के दौरान की गई घोषणा की अनुपालना में लागू मुख्यमंत्री अवधिपार ब्याज राहत एकमुश्त समझौता योजना 2025-26 के लिए साधारण सभा में आभार व्यक्त करते हुए इसे दीर्घकालीन साख संरचना के लिए जीवनदायिनी बताया गया। साथ ही, योजना के क्रियान्वयन की अवधि 31 मार्च, 2026 तक बढ़ाये जाने हेतु प्रस्ताव प्रशासनिक विभाग को प्रेषित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। आमसभा में सदस्यों द्वारा दीर्घकालीन साख संरचना को और अधिक मजबूत करने के संबंध में अन्य कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गए।
223922 Image 3e65f3c4 f803 4f8b 97c1 c9f510acd43c
इस अवसर पर मुख्यमंत्री अवधिपार ब्याज राहत एकमुश्त समझौता योजना 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंकों को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। एकमुश्त समझौता योजना में  वसूली प्रतिशत के आधार पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 5 प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंकों क्रमश: बिलाड़ा (90.81%), चित्तौडगढ़ (81.10%), जोधपुर (67%), बीकानेर (65%) व जैसलमेर (60%) को सम्मानित किया गया तथा सर्वाधिक नकद वसूली के आधार पर सीकर (28 करोड़ रुपये), जालोर (8.37 करोड़ रुपये), राजसमन्द (7.20 करोड़ रुपये), चूरू (5.66 करोड़ रुपये) व जयपुर (5.57 करोड़ रुपये) पीएलडीबी को सम्मानित किया गया। जबकि, सहकारी वर्ष 2024-25 में वसूली प्रतिशत में अच्छा प्रदर्शन करने पर 3 प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंक चित्तौडगढ़ (86.51%), बीकानेर (71.42%) व बिलाड़ा (60.26%) को सम्मानित किया गया। एकमुश्त समझौता योजना 2025-26 में अति विशिष्ट प्रदर्शन करने पर जालोर प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंक को भी सम्मानित किया गया।

परिचय : प्रकाश वैष्णव एक सहकारी चिंतक, विश्लेषक, स्तंभकार और पत्रकार हैं।
​पत्रकारिता अनुभव: वे पिछले 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।
​करियर की शुरुआत: उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत सबसे पहले साप्ताहिक समाचार पत्र ‘जय सत्यपुर’ से की थी।
​अन्य सेवाएँ: इसके बाद उन्होंने ‘लोक सूचना’ एवं ‘क्षेत्र का साथी’ समाचार पत्रों में भी अपनी सेवाएँ दीं।
​वर्तमान दायित्व: वर्तमान में वे सहकारी आंदोलन को समर्पित प्रमुख हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र ‘मारवाड़ का मित्र’ और ‘MKM MEDIA’ समूह वेब पोर्टल के चीफ एडिटर के रूप में निरंतर संचालन कर रहे हैं।

error: Content is protected !!