Home राज्य सहकारी समिति (जीएसएस) में मतदाता सूची चस्पा के साथ शुरू हुआ चुनावी घमासान

सहकारी समिति (जीएसएस) में मतदाता सूची चस्पा के साथ शुरू हुआ चुनावी घमासान

सहकारी समिति (जीएसएस) में मतदाता सूची चस्पा के साथ शुरू हुआ चुनावी घमासान

जालोर । डिजिटल डेस्क I 28 अगस्त I जिले में निर्वाचन योग्य और निर्वाचन ड्यु ग्राम सेवा सहकारी समिति (जीएसएस) के संचालक मण्डल एवं पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर शुक्रवार से मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा रहा है। राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण (State Co-operative Election Authority) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार समितियों के होने जा रहे चुनाव में आठवीं पास उम्मीदवार ही चुनाव लड़ सकेंगे। पैक्स-लैम्पस में निर्वाचन को लेकर जारी निर्वाचन निर्देशिका (election directory) में इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा समितियों से नियमित अंतराल में ऋण लेने वाले सदस्यों को ही मतदान का अधिकार रहेगा। जिले में 2019 से अब तक 32 नई ग्राम सेवा सहकारी समिति (जीएसएस) गठित की गई है। वही, शेष 160 ग्राम सेवा सहकारी समितियों में करीब ग्यारह वर्ष बाद चुनाव होने जा रहे हैं। इस बार कई तरह के नियमों में बदलाव किए गए हैं। पहले मतदान के दिन ही मतगणना होती थी। लेकिन इस बार मतदान के अगले दिन मतगणना करवाने का निर्णय लिया गया है। निर्वाचन कार्यक्रम के तहत पहले चरण के चुनाव के लिए छब्बीस अगस्त को निर्वाचन का नोटिस व वार्डवार प्रस्तावित मतदाता सूचियों का प्रकाशन कर दिया गया है। इसी तरह दूसरे चरण के मतदान के लिए 27, तृतीय चरण के लिए 28, चौथे चरण के लिए 29 व पांचवें चरण के मतदान के लिए 30 अगस्त को निर्वाचन का नोटिस व वार्डवार प्रस्तावित मतदाता सूचियों का प्रकाशन किया जाएगा। पांच चरणों में संपन्न होने वाले मतदान में एक से अधिक ऋणी सदस्य मतदान कर सकेंगे। जबकि अऋणी सदस्यों का अलग से वार्ड गठित किया गया है। जानकारी के अनुसार सहकारिता नियमों में बदलाव कर शैक्षणिक योग्यता की शर्त पूर्व में लागू कर दी गई थी। लेकिन बड़े स्तर पर होने जा रहे चुनाव में इस बार इसकी अनिवार्यता लागू की गई है। इससे चुनावी मुकाबला काफी रोचक होने के आसार हैं।

इतने चरण में होंगे मतदान

ग्राम सेवा सहकारी समितियों के पांच चरणों में चुनाव होंगे। इसमें पहले चरण में 14 सितम्बर को मतदान करवाया जाएगा। इसी तरह दूसरे चरण में 17 सितम्बर, तीसरे चरण में बीस सितम्बर को, चौथे चरण में 23 सितम्बर, पांचवें चरण में मतदान 27 सितम्बर को होगा।

चुनावी घमासान शुरू

मतदाता सूची चस्पा करने के साथ ही चुनावी घमासान शुरू हो गया है। अब अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने पर नामांकन का दौर चलेगा। इसके बाद निर्धारित तिथि को मतदान होगा। इसके बाद मतगणना होने पर विजेता प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा जाएगा।

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!