सार
सहकारिता विभाग वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश की 6,000 दुग्ध (DUSS) और 6,000 ग्राम सेवा सहकारी समितियों (PACS) में कुल 12,000 माइक्रो-एटीएम लगाएगा। जयपुर को सर्वाधिक 1,349 और सिरोही को 100 मशीनें मिली हैं। इससे ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और नकदी निकासी की सुविधा मिलेगी।
विस्तार 
जयपुर | सहकारी जगत विशेष रिपोर्ट | 25 नवंबर |ग्रामीण अर्थव्यवस्था को डिजिटल रफ्तार देने और किसानों व पशुपालकों को बैंकिंग सुविधाओं के लिए शहरों की दौड़ से बचाने के लिए सहकारिता विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। ‘सहकारिता में सहकार’ योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश की 12 हजार सहकारी समितियों को माइक्रो-एटीएम (mATM) उपलब्ध कराए जाएंगे।दि राजस्थान स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक लि.’ (अपेक्स बैंक) के प्रबंध निदेशक रणजीत सिंह चुण्डावत ने इस संबंध में राज्य के सभी 29 केंद्रीय सहकारी बैंकों (CCB) को संशोधित लक्ष्य आवंटित करते हुए शत-प्रतिशत पूर्ति के निर्देश जारी किए हैं।
जयपुर अव्वल, तो भीलवाड़ा-उदयपुर भी रेस में आगे
माइक्रो-एटीएम वितरण के जिलेवार लक्ष्यों में राजधानी जयपुर सबसे आगे है, जबकि जनजातीय और पहाड़ी इलाकों वाले जिलों को भी पर्याप्त हिस्सेदारी दी गई है। अपेक्स बैंक द्वारा जारी सूची के अनुसार, जयपुर केंद्रीय सहकारी बैंक को सर्वाधिक 1,349 माइक्रो-एटीएम (1,052 दुग्ध समितियां व 297 पैक्स) वितरित करने का लक्ष्य मिला है।इसके बाद वस्त्रनगरी भीलवाड़ा 734 लक्ष्यों के साथ दूसरे और झीलों की नगरी उदयपुर 678 लक्ष्यों के साथ तीसरे स्थान पर है। पूर्वी राजस्थान के अलवर को 667, चित्तौड़गढ़ को 595 और दौसा को 575 मशीनें आवंटित की गई हैं। पश्चिमी राजस्थान में मारवाड़ के जोधपुर (419), बीकानेर (405) और बाड़मेर (398) में भी ग्रामीण बैंकिंग का नेटवर्क मजबूत होगा। वहीं, सबसे कम 100 माइक्रो-एटीएम का लक्ष्य सिरोही जिले को दिया गया है, जिसमें 20 दुग्ध समितियां और 80 पैक्स शामिल हैं। लक्ष्यों का यह संतुलित वितरण दर्शाता है कि जहां डेयरी व्यवसाय अधिक है वहां दुग्ध समितियों को, और जहां कृषि आधारित ढांचा मजबूत है वहां पैक्स को प्राथमिकता दी गई है।
योजना के शुरुआती चरण में (अप्रैल 2026 में) केवल क्रियाशील प्राथमिक दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों (DUSS) को ही 12 हजार माइक्रो-एटीएम देने का निर्णय लिया गया था, लेकिन भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय और राज्य स्तरीय टास्क फोर्स की बैठकों में गहन मंथन के बाद इस नीति में सकारात्मक बदलाव किया गया है। अब इन 12 हजार मशीनों को बराबर-बराबर बांटते हुए 6,000 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों (DUSS) और 6,000 ग्राम सेवा सहकारी समितियों (PACS) को वितरित किया जाएगा।इस पहल से गांव के अंतिम छोर पर बैठे किसान, पशुपालक और मनरेगा श्रमिक अपने ही गांव की समिति पर अंगूठा लगाकर या कार्ड स्वाइप कर नकदी निकाल सकेंगे, बैलेंस जांच सकेंगे और सरकारी योजनाओं की राशि प्राप्त कर सकेंगे। इससे समय और किराये की बचत होने के साथ ही ग्रामीण स्तर पर पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
पैक्स और डेयरी समितियों के जुड़ने से रुकेगा पलायन और बढ़ेगा विश्वास
सहकारिता विभाग का यह फैसला ग्रामीण वित्तीय समावेशन (Financial Inclusion) की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में एटीएम या बैंक शाखा की कमी के कारण पशुपालकों को दूध का भुगतान लेने और किसानों को फसल ऋण या अनुदान की राशि निकालने के लिए तहसील या जिला मुख्यालय जाना पड़ता था। इससे न केवल उनकी दिनभर की मजदूरी का नुकसान होता था, बल्कि आवागमन पर अतिरिक्त खर्च भी होता था।अब 6,000 ग्राम सेवा सहकारी समितियों (PACS) और 6,000 दुग्ध समितियों (DUSS) के माइक्रो-एटीएम से लैस होने के बाद गांव में ही मिनी बैंक की सुविधा उपलब्ध होगी। समितियों के व्यवस्थापक और सचिव ही बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट (BC) की तरह काम करते हुए ग्रामीणों को लेन-देन की सुविधा देंगे। इससे न केवल ग्रामीणों का सहकारी समितियों के प्रति विश्वास और जुड़ाव बढ़ेगा, बल्कि समितियों की आय में भी इजाफा होगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी।


