सार
Jodhpur : जोधपुर CCB की फलोदी शाखा में माइक्रो एटीएम शिविर आयोजित शिविर में विधायक पब्बाराम बिश्नोई और कलेक्टर अंकित कुमार सिंह की मौजूदगी में किसानों व डेयरी समितियों को डिजिटल बैंकिंग से जोड़ने हेतु माइक्रो एटीएम वितरित किए गए

विस्तार
जोधपुर। डिजिटल डेस्क | 3 जून | जोधपुर सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की फलोदी शाखा में सहकारिता में सहकार की अवधारणा को मूर्त रूप देने के लिए एक विशेष माइक्रो एटीएम कार्ड शिविर का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक पब्बाराम बिश्नोई उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर बैंक के प्रबंध निदेशक अनिल बिश्नोई शामिल हुए। इसके साथ ही जोधपुर सरस डेयरी के प्रबंधक चिरंजीलाल साहू, सहायक रजिस्ट्रार सुरेश चारण और निरीक्षक महेंद्र सिंह राजपुरोहित ने भी शिविर में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
शिविर के दौरान विधायक पब्बाराम बिश्नोई ने डेयरी समितियों को विशेष रूप से सहकारी विभाग से जोड़ने पर बल दिया और दुग्ध उत्पादकों के भुगतान की पूरी प्रक्रिया को बारीकी से समझा। जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने केंद्र सरकार की “सहकार से समृद्धि योजना” के तहत जिले की सहकारी संस्थाओं द्वारा की गई प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और विभागीय निर्देशों के अनुसार कार्यों को और तेज गति से निपटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने फलोदी शाखा में कैश सॉर्टिंग मशीन और बैंक की अन्य गतिविधियों का निरीक्षण भी किया, साथ ही ग्राहकों को बेहतर लाभ देने के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान किया।

बैंक के प्रबंध निदेशक अनिल विश्नोई ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के तहत जिले की दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों और उनके सदस्यों के खाते केंद्रीय सहकारी बैंक में खोले जा रहे हैं। इसके अलावा डेयरी और अन्य प्राथमिक सहकारी समितियों को बैंक मित्र नियुक्त कर उन्हें माइक्रो एटीएम बांटे जा रहे हैं, ताकि वे बैंक सहायक के रूप में ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय सेवाएं दे सकें। शिविर में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सहकारी संस्थाओं को दिए जाने वाले ऋण और अन्य सहायताओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
माइक्रो एटीएम संचालन की दी जानकारी
नवगठित सहकारी बैंक फलोदी के चेयरमैन शंकर लाल माचरा ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा पूरे देश में ‘सहकारिता में सहकार अभियान’ की शुरुआत की गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले किसान भाइयों तक सहकारिता का पूरा लाभ पहुंचाना है। कार्यक्रम के अंत में सहायक अधिशासी अधिकारी ओमप्रकाश माचरा और कंप्यूटर प्रोग्रामर मनीष बी शर्मा ने उपस्थित लोगों को मोबाइल बैंकिंग और माइक्रो एटीएम कार्ड के संचालन की तकनीकी प्रक्रिया से अवगत कराया। इस दौरान फलोदी क्षेत्र की सभी शाखाओं द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई।


