
जालोर । डिजिटल डेस्क I 23 सितम्बर I जिले की 9 तहसीलों के 71634 किसान कृषि-आदान अनुदान की राशि से वंचित है। वर्ष 2021 में सूखे के चलते किसानों की खरीफ फसलों में नुकसान हुआ। सरकार ने गिरदावरी भी करवाई। पूरी रिपोर्ट जारी होने के बाद भी किसानों के खातों में मुआवजा राशि नहीं पहुंच पाई है। वर्ष 2021 में सुखे के हालात में प्रभावित 71634 किसानों की कृषि-आदान अनुदान की राशि बकाया चल रही हैं।
जालोर जिले में प्राकृतिक आपदाओं से किसानों को फसलों पर अनुदान के संबंध में जालोर विधायक जोगेश्वर गर्ग ने 15वी विधानसभा सप्तम सत्र में तारांकित प्रश्न के माध्यम से आपदा प्रबंधन एवं सहायता विभाग से जबाव मांगा था, संबंधित विभाग की ओर से जारी जबाव में सामने आया हैं कि जालोर जिले की आहौर, बागोड़ा, भीनमाल, चितलवाना, जालोर, जसवतंपुरा, रानीवाड़ा, सांचौर, सायला तहसील की खरीफ फसल संवत 2078 (वर्ष 2021) में सूखे की गिरदावरी रिपोर्ट (फसल खराबा रिपोर्ट) के अनुसार प्रभावित 298451 किसानों के लिए कृषि आदान-अनुदान राशि का आकलन किया गया था। इसमें 226817 किसानों को कृषि आदान-अनुदान भुगतान कर दिया गया है।
71634 किसानों की बैंक डिटेल ही सही नहीं
संबंधित विभाग की ओर से जारी जबाव में सामने आया हैं कि जिले के 226817 किसानों को कृषि आदान-अनुदान भुगतान के लिए स्वीकृति जारी कर दी गई है। जन आधार में बैंक खाता संख्या एवं आधार संख्या की सूचना अपडेट नहीं करने के कारण जिले के 71634 किसान कृषि आदान-अनुदान भुगतान से शेष है। डिजास्टर मैनेजमेन्ट इन्फोरमेशन सिस्टम (डी.एम.आई.एस.) पोर्टल पर शेष किसानों के डेटा अपलोड करवाने की कार्यवाही की जा रही है।


