सार
Jaipur : राजस्थान सरकार ने खरीफ 2025 के लिए 2.17 करोड़ बीमाधारकों हेतु 1150 करोड़ का अनुदान जारी किया है। जल्द ही 2237 करोड़ के दावों का वितरण होगा, जो किसानों को प्राकृतिक आपदाओं में वित्तीय सुरक्षा प्रदान करेगा।

विस्तार
जयपुर, 18 अप्रैल। राजस्थान सरकार ने किसानों के हित में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025 सत्र के लिए पंजीकृत 2.17 करोड़ बीमाधारकों को 1150.04 करोड़ रुपये की राज्यांश अनुदान राशि का भुगतान कर दिया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा का मजबूत कवच मिलेगा।
कृषि मंत्री डॉ किरोड़ी लाल ने बताया कि ने बताया कि योग्य फसल बीमा पॉलिसीधारक किसानों को खरीफ 2025 के तहत देय लगभग 2237 करोड़ रुपये के दावों का शीघ्र, त्वरित एवं प्राथमिकता आधार पर वितरण किया जाएगा। इससे प्रभावित किसान परिवारों को समय पर वित्तीय सहायता मिल सकेगी, जो उनकी आय सुरक्षा की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
यह योजना किसानों को असफल बुआई, बुआई से कटाई तक खड़ी फसलों में प्राकृतिक आपदाओं से क्षति तथा कटाई उपरांत 14 दिनों की अवधि में पोस्ट-हार्वेस्ट लॉस पर पूर्ण बीमा लाभ प्रदान करेगी। राज्य सरकार दावों के सत्यापन को पारदर्शी, त्वरित एवं तकनीकी आधारित बनाने के लिए कटिबद्ध है, ताकि कोई किसान विलंब का शिकार न हो।
खरीफ 2025 के प्रमुख आंकड़े
किसानों द्वारा 466.14 करोड़ रूपये का प्रीमियम जमा करवाया गया है। किसानों पर प्रीमियम कम पड़े इसके लिए राज्य सरकार द्वारा राज्यांश प्रीमियम अनुदान 1150.04 करोड़ रूपये और केंद्र सरकार द्वारा प्रीमियम अनुदान 1150.04 करोड़ रूपये का भुगतान किया गया हैं, जिससे किसानों पर आर्थिक बोझ कम पड़े। कृषि मंत्री ने कहा कि “राज्य सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और जोखिमों से सुरक्षा के प्रति पूर्ण प्रतिबद्ध है। फसल बीमा योजना को और मजबूत बनाकर हर योग्य किसान तक लाभ पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” यह कदम राजस्थान के किसानों के लिए वरदान सिद्ध होगा।


