सार
आलोच्य वर्ष के दौरान समिति द्वारा कुल ₹542.25 लाख का ऋण वितरण किया गया और 99.20% की शानदार वसूली दर्ज की गई। समिति की सीआरएआर (CRAR) 21.36% रही, जो आरबीआई के 9% के मानक से काफी अधिक है
विस्तार

जयपुर/सवाई माधोपुर | प्रदेश डेस्क 29 अगस्त:खिरनी बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्राम सेवा सहकारी सोसाइटी लिमिटेड, खिरनी की 67वीं वार्षिक साधारण सभा शनिवार को समिति कार्यालय में आयोजित की गई। निर्धारित समय पर कोरम पूरा न होने के कारण बैठक को नियम 30(4) के तहत एक घंटे के लिए स्थगित किया गया और बाद में समिति के अध्यक्ष नंद किशोर सैनी की अध्यक्षता में पुनः संपन्न हुई।
सभा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंकेक्षित लेखों, वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट, आय-व्यय, अंकेक्षण आपत्तियों की अनुपालना, अमानत संग्रहण और व्यवसाय में विविधीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्षीय उद्बोधन में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में समिति ने 37,029.78 रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है और वर्तमान में समिति 16.29 लाख रुपये के संचित लाभ में है। साथ ही, सांविधिक अंकेक्षण में समिति को ‘ए’ श्रेणी प्राप्त हुई है।
इस दौरान कुल 542.25 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया तथा 99.20 प्रतिशत की शानदार वसूली दर्ज की गई।इस बैठक में सीसीबी ऋण पर्यवेक्षक हरिकिशन स्वामी, केवीएसएस के प्रतिनिधि गोविंद शर्मा, संचालक मंडल के सदस्य मुरारीलाल मीना, कमल किशोर मीना, रामसहाय मीना, भरतलाल गुर्जर एवं लाड देवी माली सहित बड़ी संख्या में शेयरधारक (हिस्साधारक) सदस्य उपस्थित रहे।
सहकारिता से ग्रामीण विकास को मिल रही नई गति:
स्थानीय ग्राम सेवा सहकारी समिति ग्रामीण आंचल में किसानों के आर्थिक उत्थान का एक प्रमुख केंद्र बन चुकी है। समिति द्वारा खरीफ और रबी फसलों के लिए अल्पकालीन फसली ऋण के साथ-साथ कृषि आधारित कार्यों हेतु मध्यकालीन ऋण भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में समिति की सीआरएआर (CRAR) 21.36 प्रतिशत दर्ज की गई है, जो भारतीय रिजर्व बैंक के निर्धारित 9 प्रतिशत के मापदंड से काफी अधिक है। इससे स्पष्ट होता है कि समिति वित्तीय रूप से बेहद मजबूत स्थिति में है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को निरंतर सशक्त कर रही है।


