Home बाड़मेर अब माइक्रो एटीएम से ‘ऑन द स्पॉट’ मंजूर होगा किसानों का फसली ऋण

अब माइक्रो एटीएम से ‘ऑन द स्पॉट’ मंजूर होगा किसानों का फसली ऋण

सार 

Barmer : नाबार्ड के सहयोग से बाड़मेर सीसीबी ने पैक्स समितियों को माइक्रो एटीएम दिए हैं। इससे अब एक ही छोटी मशीन द्वारा मौके पर ही फसली ऋण मंजूर और रुपयों का लेन-देन संभव होगा।

विस्तार 

बाड़मेर । डिजिटल डेस्क । 16 मई । किसानों के लिए बैंकिंग सेवाओं को आसान और डिजिटल बनाने के क्रम में नाबार्ड (NABARD) के सहयोग से बाड़मेर केंद्रीय सहकारी बैंक (CCB) से जुड़ी पैक्स (PACS) समितियों को माइक्रो एटीएम मशीनें दी गई हैं। इन मशीनों पर अब रुपयों के लेन-देन के साथ-साथ अल्पकालीन फसली ऋण (ST Loan) को मंजूर (अप्रूव) करने की सुविधा भी शुरू कर दी गई है। शनिवार को जिले के चवा क्षेत्र में आयोजित ‘ग्राम रथ अभियान’ के दौरान इसका सफल लाइव टेस्ट किया गया। चवा ग्राम सेवा सहकारी समिति (GSS) में माइक्रो एटीएम मशीन के जरिए फसली ऋण को मौके पर ही मंजूर करके दिखाया गया। इस ऐतिहासिक शुरुआत के दौरान बाड़मेर सीसीबी के मुख्य प्रबंधक अमराराम पटेल, पैक्स व्यवस्थापक गजेंद्र कुमार और कई किसान मौजूद रहे।

मुख्य प्रबंधक अमराराम पटेल ने किसानों को बताया कि सहकारी समितियों को आधुनिक बनाने के लिए यह एक बड़ा कदम है। इस नई व्यवस्था के बाद अब लोन मंजूर करने के लिए किसी भारी-भरकम कंप्यूटर या लैपटॉप की जरूरत नहीं होगी। साथ ही, फिंगरप्रिंट या आंख (आईरिस) को स्कैन करने के लिए अलग से कोई बाहरी डिवाइस भी नहीं जोड़नी पड़ेगी। लोन के आवेदन को मंजूर करने से लेकर पैसों के लेन-देन तक की सारी सुविधाएं अब सिर्फ एक छोटी सी माइक्रो एटीएम मशीन में ही मिल जाएंगी।

अमराराम पटेल ने आगे कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से दूर-दराज के बॉर्डर वाले इलाकों में रहने वाले किसानों को लोन की मंजूरी के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। तकनीकी खराबी के कारण काम रुकने का झंझट भी खत्म हो जाएगा। पैक्स व्यवस्थापक अब सीधे फील्ड में (किसानों के बीच) रहकर भी उनका लोन मंजूर कर सकेंगे। यह माइक्रो एटीएम डिवाइस आकार में बहुत छोटी है, इसलिए इसे आसानी से कहीं भी ले जाया जा सकता है। इससे दूर-दराज के गांवों में किसानों के घर तक बैंकिंग और लोन की सुविधाएं बहुत आसानी से पहुंचाई जा सकेंगी।

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!