Home | cooperative | राज्य | राजस्थान | खरीफ खराबा: 15 जिलों की 87 तहसीलों में अटका फसली ऋण परिवर्तन, डिफॉल्टर होने के कगार पर किसान

खरीफ खराबा: 15 जिलों की 87 तहसीलों में अटका फसली ऋण परिवर्तन, डिफॉल्टर होने के कगार पर किसान

सार

राजस्थान के 15 सूखाग्रस्त जिलों की 87 तहसीलों में खरीफ-2026 फसल खराबे के बाद अल्पकालीन फसली ऋण परिवर्तन प्रक्रिया अटकी है। इससे लाखों किसान डिफॉल्टर होने की कगार पर हैं। ऑल राजस्थान को-ऑपरेटिव बैंक एम्पलाइज यूनियन महासचिव और सहकार नेता आमेरा ने तत्काल कन्वर्जन व नाबार्ड पुनर्वित्त में छूट की मांग की है।

विस्तार

जयपुर | सहकारी जगत रिपोर्ट्स | 23 नवंबर|खरीफ-2026 की फसल चौपट होने से पहले ही आर्थिक मार झेल रहे प्रदेश के लाखों किसानों पर अब बैंक डिफॉल्टर (Defaulter) होने और वसूली के नोटिसों का संकट गहरा गया है। राज्य के 15 अभावग्रस्त जिलों की 87 तहसीलों में अल्पकालीन फसली ऋणों को मध्यकालीन ऋणों (MTC – Medium Term Conversion) में परिवर्तित करने की प्रक्रिया फाइलों में उलझकर रह गई है। अपेक्स बैंक के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद धरातल पर काम शुरू न होने से सहकारी साख आंदोलन पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं।दरअसल, ‘द राजस्थान स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक’ (अपेक्स बैंक) ने 13 नवंबर 2026 को परिपत्र (Circular) जारी कर ब्यावर, बांसवाड़ा, बाड़मेर, बालोतरा, चूरू, बीकानेर, डूंगरपुर, जैसलमेर, जोधपुर, जालोर, फलोदी, नागौर, पाली, राजसमंद और सिरोही जिलों की 87 अभावग्रस्त तहसीलों में ऋण परिवर्तन (Loan Conversion) के आदेश दिए थे। प्रस्ताव भिजवाने की निर्धारित समय-सीमा (Deadline) 16 नवंबर को ही बीत चुकी है, लेकिन अब तक प्रक्रिया ने गति नहीं पकड़ी है। खेतों में फसल नष्ट होने के बाद अब वसूली के दबाव से किसान भारी मानसिक तनाव में हैं।

नोडल अधिकारी नियुक्त हों, खराबे के अनुपात में तय हो ऋण चुकाने की अवधि

ग्राम सेवा सहकारी समितियों (PACS) के स्तर पर आ रही तकनीकी बाधाओं को दूर करने के लिए प्रत्येक प्रभावित सीसीबी में नोडल अधिकारी (Nodal Officer) नियुक्त करने की मांग उठी है। सहकारी कर्मचारी संगठनों के नेतृत्व आमेरा ने सुझाव दिया है कि नोडल अधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाएं, ताकि वे समितियों को आवश्यक प्रपत्र (Annexure-2, 3 और 4) भरने में सीधा सहयोग कर सकें और अपेक्स बैंक से समन्वय (Coordination) बना रहे।इसके अतिरिक्त, ऋण चुकाने की देय तिथियों (Due Dates) को फसल खराबे के वास्तविक प्रतिशत के आधार पर सख्ती से लागू करने पर जोर दिया गया है। नियमानुसार, 33 से 50 प्रतिशत तक फसल खराबे की स्थिति में ऋण पुनर्भुगतान (Repayment) की अवधि 31 मार्च 2027, 2028 और 2029 निर्धारित की जानी चाहिए। वहीं, 50 प्रतिशत से अधिक खराबे वाले क्षेत्रों में किसानों को अधिक राहत देते हुए देय तिथियां 31 मार्च 2028, 2029 और 2030 तय करने के निर्देश जिला सीसीबी के प्रबंध निदेशकों (Managing Directors) को जारी किए जाएं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सहकारिता क्षेत्र के तीन प्रमुख संगठनों—ऑल राजस्थान को-ऑपरेटिव बैंक एम्प्लॉइज यूनियन, ऑफिसर्स एसोसिएशन और सहकारी साख समितियां एम्प्लॉइज यूनियन ने मोर्चा खोल दिया है। यूनियन के महासचिव सूरज भान सिंह आमेरा ने सहकारिता मंत्री, शासन सचिव और रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपकर ऋण परिवर्तन प्रक्रिया को तत्काल ‘मिशन मोड’ (Mission Mode) में शुरू करने और नई समय-सीमा घोषित करने की मांग की है।संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते ऋणों का परिवर्तन नहीं हुआ, तो किसान स्वतः डिफॉल्टर श्रेणी में आ जाएंगे। इससे न केवल किसानों को भविष्य में ऋण मिलना बंद होगा, बल्कि ग्राम सेवा सहकारी समितियों (PACS) और केंद्रीय सहकारी बैंकों (CCB) की गैर-निष्पादित आस्तियां (NPA – Non-Performing Assets) भी बेतहाशा बढ़ेंगी। यूनियन ने प्रभावित जिलों के अतिरिक्त व उप रजिस्ट्रार को प्रतिदिन समीक्षा (Review) करने तथा देरी के लिए अधिकारियों की जवाबदेही (Accountability) तय करने की मांग उठाई है। साथ ही, ऋण परिवर्तन में 15 प्रतिशत स्वयं के अंशदान, 15 प्रतिशत अपेक्स बैंक और 60 प्रतिशत नाबार्ड पुनर्वित्त (Refinance) की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने तथा बीमा क्लेम (Insurance Claim) की राशि को समायोजित (Adjust) कर किसानों को राहत देने पर जोर दिया है।

कमजोर सीआरएआर का पेंच: पाली, नागौर समेत 4 जिलों के किसानों पर वंचित रहने का संकट

नाबार्ड (NABARD) के एक सख्त नियम ने प्रदेश के चार सबसे अधिक सूखा व खराबा प्रभावित जिलों के किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नाबार्ड के 26 सितंबर 2026 के परिपत्र (Circular) के अनुसार, जिन केंद्रीय सहकारी बैंकों (CCB) का पूंजी जोखिम भारित आस्ति अनुपात (CRAR – Capital to Risk-Weighted Assets Ratio) 9 प्रतिशत से कम है, उन्हें पुनर्वित्त (Refinance) के लिए अपात्र घोषित किया गया है। इस नियम के दायरे में पाली, जैसलमेर, डूंगरपुर और नागौर सीसीबी आ गए हैं।सहकार नेता सूरज भान सिंह आमेरा ने इस पर कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि इन्हीं चार जिलों में फसल खराबा सर्वाधिक है। यदि नाबार्ड से पुनर्वित्त नहीं मिला, तो इन जिलों के हजारों किसान ऋण परिवर्तन की सुविधा से वंचित रह जाएंगे। संगठन ने मांग की है कि राज्य सरकार और अपेक्स बैंक विशेष सिफारिश कर नाबार्ड से राहत दिलाएं या राज्य सरकार की गारंटी (Guarantee) पर विशेष पैकेज जारी करें। बैंक की कमजोर वित्तीय स्थिति की सजा अन्नदाता को नहीं मिलनी चाहिए।

 

 

परिचय : प्रकाश वैष्णव एक सहकारी चिंतक, विश्लेषक, स्तंभकार और पत्रकार हैं।
​पत्रकारिता अनुभव: वे पिछले 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।
​करियर की शुरुआत: उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत सबसे पहले साप्ताहिक समाचार पत्र ‘जय सत्यपुर’ से की थी।
​अन्य सेवाएँ: इसके बाद उन्होंने ‘लोक सूचना’ एवं ‘क्षेत्र का साथी’ समाचार पत्रों में भी अपनी सेवाएँ दीं।
​वर्तमान दायित्व: वर्तमान में वे सहकारी आंदोलन को समर्पित प्रमुख हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र ‘मारवाड़ का मित्र’ और ‘MKM MEDIA’ समूह वेब पोर्टल के चीफ एडिटर के रूप में निरंतर संचालन कर रहे हैं।

error: Content is protected !!