सार
Ajmer : प्रमुख शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने अजमेर में सहकारिता योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अन्न भंडारण, MSP खरीद और डिजिटलीकरण को समयबद्ध पूरा करने तथा भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’ के निर्देश दिए।

विस्तार
अजमेर, 1 मई। अजमेर स्थित सहकार भवन में विभागीय योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा के लिए सहकारिता विभाग के प्रमुख शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, डॉ. समित शर्मा ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में डॉ. शर्मा ने विभिन्न योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अतिरिक्त रजिस्ट्रार को अधिनियम की धाराओं के तहत लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और बजट घोषणाओं के अनुसार डीडवाना-कुचामन में नए उपभोक्ता होलसेल भंडार सहित विभिन्न क्षमता के गोदामों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
‘सहकार से समृद्धि’ योजना के तहत उन्होंने विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत सरवाड़, बसंत बघेरा और श्रीराम हिंगोनिया में निर्माणाधीन गोदामों की प्रगति जांची और इन्हें तय समय में पूरा करने को कहा। साथ ही, ग्राम सेवा सहकारी समितियों को कस्टम हायरिंग सेंटर, जन औषधि केंद्र और प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। बैंकिंग क्षेत्र में उन्होंने दीर्घकालीन ऋण वितरण, जमा राशि में वृद्धि और पैक्स (PACS) के कंप्यूटरीकरण को गति देने पर बल दिया, जबकि एनपीए नियंत्रण में टीम के प्रयासों की सराहना की।
न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद की समीक्षा करते हुए डॉ. शर्मा ने राजफेड अधिकारियों को बारदाने की अग्रिम उपलब्धता और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीलवाड़ा और नागौर में ऑडिट कार्यों की गुणवत्ता सुधारने, पैक्स विहीन पंचायतों में नई समितियों के गठन हेतु सर्वे पूरा करने और मिलेट आउटलेट्स के माध्यम से ‘श्रीअन्न’ उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने की बात कही। इसके अलावा, उन्होंने उपहार विक्रय केंद्रों के लिए भूमि चिन्हित करने और दुग्ध समितियों के खातों को केंद्रीय सहकारी बैंक में स्थानांतरित करने के निर्देश भी जारी किए।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अधिकारियों का सम्मान
अंत में, डॉ. शर्मा ने विभाग में भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति दोहराते हुए सभी कर्मचारियों को आधार आधारित उपस्थिति अपनाने को कहा। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों—डॉ. शानू खन्ना, श्रीमती आशा तंवर, श्रीमती मेहर, श्री सोहन सिंह और श्री कमलेश—को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में विभागीय अधिकारी श्री संजीव कुमार, श्री हरीश सिवासिया, श्री राजीव, श्रीमती प्रतीभा, श्री अनिल, श्री राजेन्द्र, श्रीमती शानू, श्री पवित्र, श्रीमती आशा, श्रीमती मोनिका इत्यादि अधिकारी एवं निरीक्षक गण उपस्थित रहे।


