सार
Jaipur : सहकार नेता सूरज भान सिंह ने शासन सचिव डॉ. समित शर्मा से मिलकर लंबित 1334.19 करोड़ के भुगतान, कैडर गठन और DCCBs में योग्य एवं पात्र MDs नियुक्त की मांग की, डॉ. शर्मा ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन

विस्तार
जयपुर | डिजिटल डेस्क | 6 अप्रैल | प्रदेश में कर्ज माफी योजना और ब्याज सहायता योजना के तहत लंबित 1334.19 करोड़ भुगतान को लेकर सहकार नेता सूरज भान सिंह आमेरा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नवनियुक्त शासन सचिव एवं पंजीयक , डॉ. समित शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के केंद्रीय सहकारी बैंकों के ऋण माफी ब्याज पेटे बकाया 765.57 करोड़ और ब्याज अनुदान के 568.62 करोड़ रुपये, यानी कुल 1334.19 करोड़ रुपये के अविलंब भुगतान की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. शर्मा को शासन सचिव, रजिस्ट्रार और राजस्थान राज्य सहकारी बैंक (RSCB) के प्रशासक जैसे महत्वपूर्ण पदों का कार्यभार संभालने पर बधाई दी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्हें पौधा भेंट किया। इस औपचारिक भेंट के दौरान एक अभिनंदन-पत्र भी सौंपा गया, जिसमें मांग की गई कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए केवल ‘योग्य एवं पात्र’ अधिकारियों को ही बैंकों में प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया जाए।
इसके अलावा, सहकारिता क्षेत्र में स्टाफ स्ट्रेंथ (Staff Strength) की समीक्षा, नई भर्तियों की प्रक्रिया शुरू करने, एक पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू करने और JAIIB/CAIIB उत्तीर्ण कार्मिकों को समय पर वेतन वृद्धि का लाभ देने का आग्रह किया गया। सूरज भान सिंह आमेरा ने पैक्स (PACS) कैडर के गठन और कर्मचारियों के लिए एक प्रभावी ट्रेनिंग पॉलिसी (Training Policy) पर भी त्वरित निर्णय लेने की आवश्यकता जताई। इस अवसर पर अपैक्स बैंक (Apex Bank) यूनियन अध्यक्ष राकेश गुर्जर, पलाश कोचर और एसएलडीबी (SLDB) अध्यक्ष मुकेश पीपलीवाल, सचिव भंवर लाल और जजयपुर सीसीबी (Jaipur CCB) सचिव मनीष गंगवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
डॉ. समित शर्मा ने दिया सकारात्मक आश्वासन
मुलाकात के दौरान शासन सचिव डॉ. समित शर्मा ने संगठन के इन सकारात्मक सुझावों की सराहना की और इन मुद्दों पर अपनी सहमति जताई। उन्होंने बकाया भुगतानों के समाधान के लिए सकारात्मक आश्वासन दिया है। डॉ. शर्मा ने इन सभी विषयों पर विस्तृत लिखित सुझाव मांगे हैं और जल्द ही संगठन के साथ एक औपचारिक बैठक करने का भरोसा दिलाया है।


