Home जयपुर सहकारिता मंत्री का बड़ा बयान : 90 हजार लाभार्थियों से सीधे जुड़ी सरकार, 181 हेल्पलाइन से जानी गोपाल क्रेडिट कार्ड की जमीनी हकीकत

सहकारिता मंत्री का बड़ा बयान : 90 हजार लाभार्थियों से सीधे जुड़ी सरकार, 181 हेल्पलाइन से जानी गोपाल क्रेडिट कार्ड की जमीनी हकीकत

सार 

Rajasthan Assembly : सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार ने कहा कि राजस्थान सरकार की गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के तहत अब तक 90,491 गोपालकों को ₹681.32 करोड़ का ऋण दिया गया है। विभाग 181 हेल्पलाइन से फीडबैक ले रहा है और अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई कर रहा है।

विस्तार 

जयपुर, 23 फरवरी। राजस्थान विधानसभा में सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विभाग ने एक अनूठी पहल की है, जिसके तहत 181 हेल्पलाइन के माध्यम से अब तक 90 हजार लाभार्थियों को सीधे कॉल कर उनका फीडबैक लिया गया है। इस फीडबैक के विश्लेषण के आधार पर यदि कहीं भी धोखाधड़ी या अनियमितता की सूचना मिलती है, तो विभाग द्वारा तत्काल सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
विधायक कालीचरण सराफ द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए मंत्री ने स्वीकार किया कि ऋण वितरण में अनियमितताओं की कुछ शिकायतें मिली थीं, जिन पर कड़ा रुख अपनाया गया है। विशेष रूप से बाड़मेर जिले में मिली एक गंभीर शिकायत पर त्वरित एक्शन लेते हुए तत्कालीन प्रबंध निदेशक को निलंबित कर उनके विरुद्ध 16 सीसी के तहत जांच शुरू की गई है।
इसके साथ ही प्रकरण में संलिप्त शाखा प्रबंधकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। और पूरी प्रक्रिया की जांच के लिए धारा 55 के तहत समिति गठित की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में 385 अवधिपार ऋणियों को गलत तरीके से ऋण दिया गया था, जिनमें से 317 से वसूली की जा चुकी है और शेष 68 से भी जल्द ही वसूली कर ली जाएगी। मामले की गहराई से जांच के लिए विभाग ने एसीबी को भी पत्र लिखा है। जयपुर जिले के आंकड़ों पर प्रकाश डालते हुए गौतम कुमार ने बताया कि यहां कुल 14,513 गोपालकों ने ऋण के लिए आवेदन किया था। इनमें से 7,852 पात्र आवेदकों को अब तक लगभग 38 करोड़ 43 लाख रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है, जिससे पशुपालकों को संबल मिल रहा है।

681 करोड़ रुपये का ऋण वितरित

इससे पहले सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में सहकारिता राज्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में राज्य सरकार द्वारा राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना वर्ष 2024-25 में प्रारम्भ की गई। योजनान्तर्गत 17 फरवरी, 2026 तक 1,60,981 गोपालकों द्वारा आवेदन किया गया तथा 90,491 गोपालकों को 681.32 करोड़ की राशि रूपये का ऋण वितरण किया गया।राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2024-25 में राजस्थान गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना दिनांक 24 जून, 2024 को लागू की गई। गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना की कठोर शर्तों में 04 दिसम्बर,2024 को संशोधन किये गये है। योजना व योजना में किए गए संशोधन का विवरण उन्होंने सदन के पटल पर रखा।

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!