Home सफलता की कहानी एमएसपी खरीद : 15 हजार से अधिक किसानों से खरीदा 5 लाख क्विंटल मूंगफली और मूंग, प्रबंधन की मिसाल बनी फलोदी केवीएसएस

एमएसपी खरीद : 15 हजार से अधिक किसानों से खरीदा 5 लाख क्विंटल मूंगफली और मूंग, प्रबंधन की मिसाल बनी फलोदी केवीएसएस

फलोदी जिले में राजफैड और केवीएसएस के कुशल प्रबंधन से मूंग और मूंगफली की रिकॉर्ड सरकारी खरीद (MSP) सफलतापूर्वक संपन्न हुई। 13 केंद्रों पर 15,425 किसानों से हुई इस पारदर्शी खरीद ने नवाचारों के जरिए नए कीर्तिमान स्थापित किए।

फलोदी । डिजिटल डेस्क | 16 फरवरी | जिले में इस बार किसानों के पसीने की मेहनत को सरकारी संबल का ऐसा साथ मिला कि मूंग और मूंगफली की सरकारी खरीद ने सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर दिए। उपजाऊ मिट्टी में पसीने से सींची गई फसल को जब सही दाम और सम्मान मिलता है, तो वह केवल व्यापार नहीं, एक उत्सव बन जाता है। फलोदी जिले में इस वर्ष मूंग और मूंगफली की समर्थन मूल्य खरीद (MSP) न केवल सफलतापूर्वक संपन्न हुई, बल्कि प्रबंधन और पारदर्शिता की एक नई मिसाल पेश की है। असल में राजफैड जयपुर और फलोदी क्रय-विक्रय सहकारी समिति (KVSS) के कुशल प्रबंधन की बदौलत जिले के 15,425 किसानों से कुल 5,07,335 क्विंटल मूंगफली और 2,480 क्विंटल मूंग की रिकॉर्ड खरीद शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। इस पूरी प्रक्रिया की सबसे खास बात यह रही कि समयबद्ध तरीके से जिंस का उठाव कर उसे वेयरहाउसों में सुरक्षित पहुंचा दिया गया, जिससे किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा। इस बड़ी उपलब्धि के पीछे राजफैड के प्रबंध संचालक की प्रभावी मॉनिटरिंग और फलोदी केवीएसएस के जनरल मैनेजर तिलाराम कलाऊ का सटीक नियोजन रहा। पिछले वर्ष की तुलना में 4 नए केंद्रों सहित कुल 13 खरीद केंद्रों पर तुलाई करने और फलोदी मुख्य केंद्र पर एनीव्हेयर ऑप्शन (Anywhere Option) देने जैसे नवाचारों ने किसानों की राह आसान कर दी। इससे किसानों को अपनी सुविधानुसार नजदीकी केंद्रों पर तुलाई का अवसर मिला। बारदाने की कमी जैसी पुरानी समस्याओं को इस बार आड़े नहीं आने दिया गया, जिससे एक भी दिन खरीद का काम नहीं रुका।

केवीएसएस को मिलेगा 3 करोड़ 70 लाख रुपये का कमीशन

फलोदी केवीएसएस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फलोदी केंद्र पर सर्वाधिक 1,83,294 क्विंटल मूंगफली खरीदी गई, जबकि देचू, लोहावट, बापिणी, चाडी-चौतीणा, श्रीकृष्णनगर, आऊ, पलीना, सांवरीज, खारा, लोहावट जाटावास, सदरी और पीलवा जैसे केंद्रों पर भी लक्ष्य के अनुरूप बंपर खरीद हुई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मेजर शैतानसिंह स्टेडियम में ट्रैक्टरों की पार्किंग की व्यवस्था ने शहर को जाम से मुक्ति दिलाई और व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा। बाजार भावों में उतार-चढ़ाव के बीच एमएसपी पर हुई इस सुचारू खरीद का लाभ जहां सीधे तौर पर हजारों किसानों को मिला, वहीं इस सफल अभियान से फलोदी केवीएसएस को भी करीब 3 करोड़ 70 लाख रुपये का कमीशन मिलेगा ।

कहां कितनी हुई खरीद? 

क्रमांक खरीद केंद्र का नाम खरीद की मात्रा (क्विंटल में)
1 फलोदी 1,83,294
2 देचू 50,437
3 पलीना 43,360
4 लोहावट 34,366
5 बापिणी 28,501
6 आऊ 26,885
7 चाडी-चौतीणा (उपकेन्द्र) 26,397
8 श्रीकृष्णनगर 26,210
9 लोहावट जाटावास 25,232
10 पीलवा 19,724
11 सदरी 16,418
12 सांवरीज 14,716
13 खारा 11,795
कुल योग सभी केंद्र 

5,07,335 क्विंटल (14,49,527 बैग) मूंगफली तथा 2480 क्विटल (4958 बैग) मूंग)

“राजफैड और केवीएसएस के कुशल प्रबंधन से मूंग व मूंगफली की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर रिकॉर्ड खरीद शांतिपूर्ण संपन्न हुई। कुल 13 केंद्रों पर 15,425 किसानों से 5.07 लाख क्विंटल मूंगफली और 2,480 क्विंटल मूंग खरीद कर समयबद्ध भंडारण किया गया। बेहतर पार्किंग और ऑनलाइन सुविधाओं से किसानों को बड़ी राहत मिली। यह सफलता पूरी टीम के समर्पण और किसानों से निरंतर संवाद का परिणाम है। फोन कॉल के जरिए किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया, जिससे खरीद प्रक्रिया सुगम बन सकी।”
– तिलाराम कलाऊ, जनरल मैनेजर

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!