सार
Udaipur : ’म्हारो खातो म्हारो बैंक’ अभियान के तहत सरस डेयरी परिसर में 50 माइक्रो एटीएम का वितरण किया। डेयरी समितियों के सचिवों को मशीन संचालन और लेनदेन का प्रशिक्षण दिया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुलभ हो सके।

विस्तार
उदयपुर। डिजिटल डेस्क | 4 फरवरी | जिले में ‘म्हारो खातो म्हारो बैंक’ अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। दरअसल उदयपुर केंद्रीय सहकारी बैंक (CCB) के तत्वावधान में उदयपुर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (सरस डेयरी) के परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के सचिवों को 50 माइक्रो एटीएम वितरित किए गए। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को सुलभ बनाना है। वितरण के साथ-साथ समितियों के सचिवों को माइक्रो एटीएम की कार्यप्रणाली, इसके माध्यम से सदस्यों के खातों में लेन-देन करने की प्रक्रिया और संचालन के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं के निराकरण के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। यह तकनीकी जानकारी बैंक के आईटी प्रबंधक हितेश कुमार पांचाल द्वारा प्रदान की गई। वही कार्यक्रम में मुख्य रूप से उदयपुर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की पीएंडआई इंचार्ज वीना खंडेलवाल और उदयपुर केंद्रीय सहकारी बैंक की प्रबंध निदेशक डॉ. मेहजबीन बानो उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उदयपुर एवं सलूम्बर जिले की विभिन्न डेयरी सहकारी समितियों के सचिवों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस पहल से अब दुग्ध उत्पादकों को अपने गांव और समिति स्तर पर ही बैंकिंग सुविधाएं मिल सकेंगी।


