Home बाड़मेर 24वीं राज्य स्तरीय ‘को-ऑप स्पोर्ट्स’ प्रतियोगिता का बाड़मेर में हुआ आगाज, सहकारी बैंकों से 350 खिलाड़ी ले रहें हैं भाग

24वीं राज्य स्तरीय ‘को-ऑप स्पोर्ट्स’ प्रतियोगिता का बाड़मेर में हुआ आगाज, सहकारी बैंकों से 350 खिलाड़ी ले रहें हैं भाग

सार 

Barmer : स्पैक्ट्रम और बाड़मेर सीसीबी के संयुक्त तत्वावधान में 24वीं राज्य स्तरीय ‘को-ऑप स्पोर्ट्स’ प्रतियोगिता का आगाज आज पीएम श्री महात्मा गांधी स्कूल, स्टेशन रोड पर हो गया हैं, इसमें 29 सीसीबी टीमों और अपेक्स बैंक की 2 टीमों के लगभग 350 खिलाड़ी ले रहें हैं भाग

विस्तार 

बाड़मेर । डिजिटल डेस्क | 26 दिसम्बर | जिले की पीएम श्री महात्मा गांधी स्कूल, स्टेशन रोड पर 24वीं राज्य स्तरीय ‘को-ऑप स्पोर्ट्स’ प्रतियोगिता का आगाज जोरो-शोरो से हुआ । इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी रहीं। वही विशेष अतिथि चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल ने अनोखे अंदाज में खिलाड़ियों का स्वागत कर अपने संबोधन में बाड़मेर की मिट्टी और लोगों की आतिथ्य भावना की तारीफ की। आपको बता दें कि इस प्रतियोगिता का आयोजन दी स्पोर्ट्स एंड कल्चरल सोसाइटी ऑफ को-ऑपरेटिव बैंक्स इन राजस्थान (स्पैक्ट्रम) द्वारा केंद्रीय सहकारी बैंक बाड़मेर (CCB) की मेजबानी में किया जा रहा है । इसी के क्रम में आज इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया है । इस दौरान अनंतराम बिश्नोई जिला अध्यक्ष भाजपा, चौहटन प्रधान रूपाराम चौधरी, समाजसेवी दीपक कड़वासरा, राजस्थान राज्य सहकारी बैंक प्रबंध निदेशक संजय पाठक, राजस्थान राज्य भूमि विकास बैंक प्रबंध निदेशक जितेंद्र प्रसाद, अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारी समितियां खंड जोधपुर देवेंद्र अमरावत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत, क्षेत्रीय अंकेक्षण अधिकारी प्रशांत कल्ला, सिरोही सीसीबी प्रबंध निदेशक पूनाराम चोयल, जालोर सीसीबी प्रबंध निदेशक नारायणसिंह, जोधपुर सीसीबी प्रबंध निदेशक अनिल विश्नोई, उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां बाड़मेर जगदीश कुमार, सहकार नेता सूरजभानसिंह आमेरा सहित जनप्रतिनिधि, सहकारिता विभाग के अधिकारी सहकारी बैंकों के अधिकारी व कर्मचारियों ने भाग लिया।

गेस्ट ऑफ ऑनर सुश्री सुशीला खोथ ने शपथ दिलाई

सर्वप्रथम बाड़मेर सीसीबी प्रबंध निदेशक व आयोजन अध्यक्ष हरिराम पूनिया ने स्वागत उद्बोधन दिया । जिसके बाद प्रतियोगिता की गेस्ट ऑफ ऑनर सुश्री सुशीला खोथ ने सभी प्रतिभागियों को शपथ दिलाई तथा बेस्ट टर्नआउट मार्च पास्ट टीम की घोषणा की। कार्यक्रम के आरंभ मार्च पास्ट से हुआ, जिसमें झालावाड़ सीसीबी में प्रथम स्थान, बाड़मेर सीसीबी ने द्वितीय स्थान तथा अपेक्स बैंक में तृतीय स्थान प्राप्त किया । साथ ही, खेलों के शुभारंभ पर 100 मीटर दौड़, रिले दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, महिलाओं की लंबी कूद, महिलाओं व पुरुषों की गोला फेंक सहित विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया । वही बाड़मेर सीसीबी मुख्य प्रबंधक एवं आयोजन सचिव अमरा राम चौधरी ने बताया कि इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में राज्य के 29 सीसीबी की टीमों और अपेक्स बैंक की 2 टीमों से करीब 350 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं ।

पहले दिन की प्रतियोगिताओं में इन्होंने किया स्थान हासिल

पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में श्रीगंगानगर सीसीबी के विष्णु दत्त ने प्रथम स्थान, बाड़मेर सीसीबी के दिव्यांशु मटोलिया ने द्वितीय स्थान एवं बांसवाड़ा सीसीबी के दिलीप कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया । इसी तरह महिलाओं की 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में बाड़मेर सीसीबी की प्रियंका ने प्रथम स्थान, चूरू सीसीबी की संगीता ने द्वितीय स्थान एवं श्रीगंगानगर सीसीबी की कोमल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया । इसी प्रकार गोला फेंक प्रतियोगिता में पाली सीसीबी के अक्षय सिंह ने प्रथम, भीलवाड़ा सीसीबी के अंकुर महेश्वरी ने द्वितीय तथा उदयपुर सीसीबी के जगदीश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया । हालांकि महिलाओं की गोला फेंक प्रतियोगिता में जयपुर सीसीबी की मेनू पूनिया ने प्रथम स्थान, चूरू सीसीबी की संगीता ने द्वितीय स्थान तथा बाड़मेर सीसीबी की प्रिया शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया । इसके अलावा लंबी कूद में अपेक्स बैंक के प्रमोद कुमार ने प्रथम स्थान, श्री गंगानगर सीसीबी के राजदीप ने द्वितीय स्थान तथा जालौर सीसीबी मनीष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि महिलाओं की लंबी कूद प्रतियोगिता में जयपुर सीसीबी की मीनू पूनिया ने प्रथम स्थान, बाड़मेर सीसीबी की प्रियंका ने द्वितीय स्थान तथा नागौर सीसीबी की अनिशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

दूसरे दिन में प्रतियोगिताओं में मैराथन दौड़ शामिल

24वीं राज्य स्तरीय को-ऑप स्पोर्ट्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन 27 दिसंबर को प्रातः काल में हाई स्कूल ग्राउंड से बाड़मेर केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रधान कार्यालय तक मैराथन दौड़ का आयोजन होगा, जिसको पुलिस अधीक्षक बाड़मेर तथा अतिरिक्त जिला कलेक्टर बाड़मेर हरि झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। तत्पश्चात वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कैरम, टेबल टेनिस सहित विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। समापन समारोह 28 दिसंबर को भगवान महावीर टाउन हॉल में आयोजित किया जाएगा।

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!