Home जालोर ग्राम सेवा सहकारी समिति हुई सीलबंद… किसानों को नहीं मिल रहा लाभ

ग्राम सेवा सहकारी समिति हुई सीलबंद… किसानों को नहीं मिल रहा लाभ

सार 

Jalore : ग्राम सेवा सहकारी समिति पांचला (Pacs) में रबी बुवाई के अंतिम दौर में लगा ताला और हुई सीलबंदी… मनमाने काम पर चुप्पी साधे बैठे विभागीय अधिकारी… किसानों ने अब जिला कलेक्टर को बताई अपनी व्यथा…

विस्तार 

जालोर । डिजिटल डेस्क | 10 दिसम्बर | जिला मुख्यालय से लगभग 200 किमी दूर पांचला गांव में स्थित ग्राम सेवा सहकारी समिति (Pacs) अब तालाबंदी का शिकार हो गई है । इस तालाबंदी को खुलवाने का पत्र केंद्रीय सहकारी बैंक (CCB) जालोर के प्रबंध निदेशक (MD) तक पहुंचा, लेकिन वहां से कोई कार्यवाही नहीं हुई। सबब इस ग्राम सेवा सहकारी समिति (Pacs) से जुड़े किसानों को खासी परेशानी हो रही है । एक ओर, रबी बुवाई का अंतिम दौर चल रहा है और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बोई गई फसलों का बीमा करने की अंतिम तिथि भी नजदीक है । तो दूसरी ओर, इस ग्राम सेवा सहकारी समिति में आपसी द्वेष के चलते ताला और सील लगाने जैसे कार्य हो रहे है ।

ऐसे में मामले की तय तक गये तो पता चला कि ग्राम सेवा सहकारी समिति में पूर्व में संचालक बोर्ड के आठ सदस्यों द्वारा त्यागपत्र दिया गया । जिस कारण उप रजिस्ट्रार (DR) सहकारी समितियां जालोर द्वारा राजस्थान सहकारी सोसायटी अधिनियम अंतर्गत अल्पमत में बोर्ड आने से संचालक बोर्ड को भंग करने की कार्यवाही के लिए अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारी समितियां खंड जोधपुर को अनुंशसा की गई । तो अध्यक्ष ने व्यवस्थापक को कार्यमुक्त करते हुए ग्राम सेवा सहकारी समिति के मुख्यालय पर तालाबंदी कर दी है । अब जिला कलेक्टर जालोर से किसानों ने मुलाकात कर पांचला ग्राम सेवा सहकारी समिति (Pacs) के ताले पर लगी सील को खुलवाने का निवेदन किया है ।

बैंक प्रशासक तक पहुंची शिकायत

पांचला ग्राम सेवा सहकारी समिति के किसानों ने जालोर केंद्रीय सहकारी बैंक प्रबंध निदेशक एवं जिला कलेक्टर जालोर व सीसीबी प्रशासक को पत्र लिखकर, सहकारी समिति को ताले पर लगी सील खुलवाने का निवेदन किया है । उनके मुताबिक अध्यक्ष द्वारा मनमर्जी से ताला और सील लगाकर ग्राम सेवा सहकारी समिति का संचालन बंद कर दिया गया है । जिससे समिति कार्यक्षेत्र से जुड़े किसानों की ऋण वितरण एवं अन्य पैक्स से जुड़ी गतिविधियां ठप्प हो गई है ।

संचालक बोर्ड का मामला विचाराधीन

पांचला ग्राम सेवा सहकारी समितियों में 8 सदस्यों द्वारा त्यागपत्र देने के कारण उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां जालोर ने राजस्थान सहकारी सोसायटी अधिनिमय 2001 की धारा (30)(1)(ख) के तहत संचालक बोर्ड को भंग कर प्रशासक लगाने की अनुशंसा अतिरिक्त रजिस्ट्रार से की । जिस पर अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारी समितियां खंड जोधपुर द्वारा नोटिस भी जारी किये जा चुके है । तथा 28 नवबंर को इस प्रकरण में संचालक बोर्ड को उपस्थित होकर प्रतिउत्तर प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित भी किया जा चुका है ।

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!