Home | cooperative | जयपुर | श्री वासुदेव देवनानी सर्वसम्मति से 16वीं राजस्थान विधान सभा के अध्यक्ष निर्वाचित

श्री वासुदेव देवनानी सर्वसम्मति से 16वीं राजस्थान विधान सभा के अध्यक्ष निर्वाचित

128107 Image 6243eb0d 14c6 41ae b968 88d49ab1aae4

जयपुर, 21 दिसम्बर। श्री वासुदेव देवनानी गुरुवार को 16वीं राजस्थान विधान सभा के सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित किये गए। श्री देवनानी राजस्थान विधान सभा के 18वें अध्यक्ष हैं। श्री देवनानी को अध्यक्ष चुने जाने के लिए मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने सदन में प्रस्ताव रखा जिसका पूर्व उप मुख्‍यमंत्री श्री सचिन पायलट ने अनुमोदन किया। सदन द्वारा ध्वनिमत से प्रस्ताव को पारित कर श्री देवनानी को अध्यक्ष निर्वाचित कर परम्परा को कायम रखा। इससे पहले पूर्व मुख्‍यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने भी श्री देवनानी के नाम का प्रस्ताव रखा जिसका विधायक श्री राजकुमार रोत ने अनुमोदन किया। वहीं, उप मुख्‍यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी द्वारा प्रस्तुत प्रस्‍ताव का विधायक श्री चन्‍द्रभान सिंह चौहान तथा विधायक श्री हनुमान बेनीवाल के प्रस्‍ताव का विधायक डॉ. सुभाष गर्ग ने अनुमोदन किया। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री श्रीमती दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेम चन्द बैरवा सहित सदन में उपस्थित सदस्यों ने श्री देवनानी को अध्यक्ष पद के निर्वाचित होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री देवनानी को पक्ष व प्रतिपक्ष के सदस्यों द्वारा आसन तक ले जाया गया। नवनिर्वाचित विधान सभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने शुभकामनाओं के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजस्थान विधान सभा के इस सदन की महान परम्पराएं रहीं हैं और वे सदन की मान-मर्यादा तथा परम्पराएं बनाए रखने के लिए सर्वदा प्रयासरत रहेंगे। साथ ही, सदन की ज्यादा से ज्यादा बैठकें और सार्थक बहस हो, इसके लिए भी वे प्रयास करेंगे। उन्होंने सदन को अध्यक्ष पद की गरिमा एवं निष्पक्षता बनाये रखने के लिए आश्वस्त किया। साथ ही, सभी सदस्यों से भी उम्मीद जताई कि वे नियमों का पालन कर संसदीय परम्पराओं को समृद्ध बनाएंगे। उन्होंने सदस्यों से आह्वान किया कि वे सदन के नियम एवं प्रक्रियाओं का अध्ययन करें ताकि उन्हें सदन की प्रक्रियाओं का ज्ञान हो सके।

नवनिर्वाचित 6 विधायकों को दिलाई शपथ

विधान सभा के प्रथम सत्र के दूसरे दिन आज प्रोटेम स्पीकर श्री कालीचरण सराफ ने 6 नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई। उन्होंने श्री बहादुर सिंह, श्री भागचन्द टांकड़ा, महंत बालकनाथ, श्री विरेन्द्र सिंह, श्री श्रीचन्द कृपलानी एवं श्री सोहनलाल नायक को विधानसभा सदस्य के रूप में संविधान के प्रति निष्ठा और कर्तव्यों के श्रद्धापूर्वक निर्वहन की शपथ दिलाई।

परिचय : प्रकाश वैष्णव एक सहकारी चिंतक, विश्लेषक, स्तंभकार और पत्रकार हैं।
​पत्रकारिता अनुभव: वे पिछले 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।
​करियर की शुरुआत: उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत सबसे पहले साप्ताहिक समाचार पत्र ‘जय सत्यपुर’ से की थी।
​अन्य सेवाएँ: इसके बाद उन्होंने ‘लोक सूचना’ एवं ‘क्षेत्र का साथी’ समाचार पत्रों में भी अपनी सेवाएँ दीं।
​वर्तमान दायित्व: वर्तमान में वे सहकारी आंदोलन को समर्पित प्रमुख हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र ‘मारवाड़ का मित्र’ और ‘MKM MEDIA’ समूह वेब पोर्टल के चीफ एडिटर के रूप में निरंतर संचालन कर रहे हैं।

error: Content is protected !!