सार
Sriganganagar : जिला कलेक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में गंगानगर CCB की 72वीं वार्षिक सभा संपन्न हुई। इसमें वित्तीय प्रस्तावों की स्वीकृति के साथ ऋण सीमा बढ़ाने और खाद वितरण सुधार जैसे किसान-हितैषी निर्णय लिए गए।

विस्तार
श्रीगंगानगर, 26 फरवरी। जिले के अमर पैलेस में गुरुवार को जिला कलेक्टर व बैंक प्रशासक डॉ. मंजू की अध्यक्षता में ‘दी गंगानगर केन्द्रीय सहकारी बैंक’ की 72वीं वार्षिक साधारण सभा का आयोजन किया गया। प्रबंध निदेशक संजय गर्ग की मौजूदगी में हुई इस बैठक में वर्ष 2023-24 व 2024-25 के ऑडिटेड खातों, बजट और आगामी योजनाओं के प्रस्ताव पारित किए गए। विभिन्न सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिनमें नए सदस्यों की ऋण सीमा 15 हजार से बढ़ाकर 50 हजार करने, इफको व कृभको खाद का शत-प्रतिशत वितरण समितियों के माध्यम से करने और गोपाल ऋण योजना के विस्तार की मांग प्रमुख रही। जिला कलेक्टर ने प्रतिनिधियों की समस्याओं के सार्थक समाधान का आश्वासन देते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। वही अधिवेशन के दौरान बिलौचिया ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष नरपत सिंह द्वारा किसानों को गोपाल ऋण योजनान्तर्गत अधिकाधिक ऋण वितरण किये जाने की मांग की गयी। लाधूवाला ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष निर्मल सिंह बराड़ द्वारा आमसभा को प्रत्येक वर्ष करवाये जाने की मांग की गयी। लखविन्द्र सिंह लखियां अध्यक्ष 4ओ ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड एवं अन्य अध्यक्षों द्वारा भी अपने सुझाव दिये गये।


