आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत दांडी मार्च दिवस पर हुआ शांति मार्च
जालोर 12 मार्च। सत्य व अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचार वर्तमान समय में भी प्रासंगिक है इसलिए हमें गांधी के जीवन दर्शन को जीवन में आत्मसात् कर उनके बताये हुए मार्गों पर चलना चाहिए। यह विचार राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी की 150वीं जयंती वर्ष एवं स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ पर दाण्डी मार्च दिवस के जिला स्तरीय समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक पुखराज पाराशर ने व्यक्त किए। नगर परिषद में शुक्रवार को आयोजित शांति मार्च को संबोधित करते हुए पाराशर ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के जीवन दर्शन एवं आजादी के आंदोलन में योगदान से जोड़ने के लिए राष्ट्रपिता की आत्मकथा का वितरण अपने स्तर पर करने की बात कही। समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्यामसिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वावलम्बन, जीवन दर्शन से सीख लेने की बात कहते हुए गांधी की जीवनी को पढ़कर उनके संघर्षों से प्रोत्साहन लेने की बात कही। अतिरिक्त जिला कलक्टर सी.एल.गोयल ने महात्मा गांधी के सिद्धांतों, अस्तेय व अपरिग्रह के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि महात्मा गांधी का योगदान अविस्मरणीय है। इस धरती से गांधीजी के विचार कभी भी खत्म नहीं हो सकते। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें भी महात्मा गांधी की तरह जीवन पर्यंत आत्मावलोकन में लगे रहना चाहिए। समारोह के पश्चात् नगर परिषद से अतिथियों ने शान्ति मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जिसमें महात्मा गांधी की वेशभूषा एवं सफेद कपड़ों में सुसज्जित विद्यार्थी तख्तियां एवं बैनर लिए गांधी के विचारों का संदेश दे रहे थे। शांति मार्च नगरपरिषद से रवाना होकर अस्पताल चौराहा, हरिदेव जोशी सर्किल, वन-वे रोड़ होकर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित पुलिस कार्यालय के सामने स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के साथ विसर्जित हुआ। जिसमें गणमान्य नागरिकों, अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रपिता की मूर्ति पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि दी। शांति मार्च में एनसीसी, स्काउट, नर्सिंगकर्मी, पुलिस, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, महात्मा गांधी विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। गौरतलब है कि राज्य के कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग द्वारा प्रदेशभर में 12 मार्च, 2021 से 15 अगस्त, 2023 तक ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव’’ के अंतर्गत जिला, उपखण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस अवसर पर महात्मा गांधी जीवन दर्शन ब्लॉक कमेटी के संयोजक नैनसिंह राजपुरोहित, पूर्व जिला प्रमुख मंजू मेघवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार वासु, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुकृति उज्जैनिया, उपखण्ड अधिकारी चम्पालाल जीनगर, मुख्य जिला शिक्षाधिकारी अशोक रोहिसवाल, महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक अशोक विश्नोई, प्रधानाचार्य मनीष ठाकुर, वरिष्ठ व्याख्याता भैराराम चौधरी, ब्लॉक कमेटी के सह संयोजक लक्ष्मणसिंह सांखला, जुल्फिकार अली भुट्टो, सुरेन्द्र दवे, जवानाराम माली, पार्षद मिश्रीमल गहलोत, स्काउट सीओ एम.आर.वर्मा, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक जयनारायण परिहार सहित शहर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कार्मिक उपस्थित थे। समारोह का संचालन एनसीसी अधिकारी अम्बिका प्रसाद तिवारी ने किया। समारोह में कोरोना गाइडलाइन का पूर्ण्ा पालन किया गया। इससे पूर्व प्रातःकाल जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित महात्मा गांधी की मूर्ति को माल्यार्पण किया एवं पुष्प अर्पित किये।