केसुरी गांव में ही खुलेगी जीएसएस : सहकारिता विभाग ने जारी किए आदेश

जालोर । डिजिटल डेस्क I 15 जनवरी I जिले की चितलवाना पंचायत समिति क्षेत्र की केसुरी ग्राम पंचायत के किसानों को अपने कामों के लिए अब वरणवा नहीं जाना पड़ेगा। केसुरी ग्राम पंचायत क्षेत्र के किसानों को फसली ऋण, फसल बीमा, खाद व उन्नत बीज के लिए अब तक वरणवा ग्राम सेवा सहकारी समिति व्यवस्थापक हेमाराम के भरोसे रहना पड़ रहा था, लेकिन अब किसानों को अपने गांव में ही ग्राम सेवा सहकारी समिति की सौगात मिल गई है। सहकारिता विभाग पंजीयक ने गत दिनों केसुरी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ग्राम सेवा सहकारी समिति (पैक्स) गठन करने के स्वीकृति आदेश जारी कर दिए हैं। गौरतलब हैं कि ग्राम पंचायत केसुरी में अब तक ग्राम सेवा सहकारी समिति नहीं होने से कृषकों को फसली ऋण, फसल बीमा राशि, खाद-बीज आदि विभिन्न कृषि कार्यों के संबंध में केसुरी से काफी दूर स्थित वरणवा जीएसएस व्यवस्थापक हेमाराम के घर जाना पड़ रहा था। इससे कृषकों को अनावश्यक रूप से आवागमन के साथ ही अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।


