पाली, 02 सितम्बर। राज्य सरकार द्वारा किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्र की जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के लिए 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) से प्रशासन गांवों के संग अभियान-2021 शुरू किया जाएगा। लगभग 70 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में ग्रामीणजनों के समक्ष आने वाली समस्याओं का शिविरों में हाथों-हाथ समाधान किया जाएगा। अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तरीय प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति के साथ हेल्प डेस्क, नियंत्रण कक्ष एवं पंचायत समितिवार प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए है।
जिला कलक्टर अंश दीप ने बताया कि प्रशासन गांवों के संग अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्रभान सिंह भाटी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर के निर्देशन में अभियान के सफल आयोजन, समस्याओं के निराकरण एवं मार्ग दर्शन के लिए एक प्रकोष्ठ (हेल्प डेस्क) का गठन किया गया है। हेल्प डेस्क में कलेक्ट्रेट के उप विधि परामर्शी अरविन्दसिंह राजपुरोहित, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी मनोज कुमार जैन एवं पंजीयन एवं मुद्रांक कार्यालय उप महानिरीक्षक के सूचना सहायक मोहित जोशी को जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ई-पंचायत पोर्टल पर सभी सूचनाओं का संकलन करवाने के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का गठन कर अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के प्रभारी का दायित्व सांख्यिकी विभाग के सहायक निदेशक हरीशचन्द्र पारीक को दिया गया है। उनके साथ कलेक्ट्रेट जिला राजस्व लेखाकार गुरूदीनराम, राउमावि सुल्तान स्कूल के वरिष्ठ सहायक विकास राजपुरोहित तथा सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सूचना सहायक राजेश कुमावत की नियुक्ति की गई।
पंचायत समितिवार प्रभारी अधिकारी नियुक्त
प्रशासन गांवों के संग अभियान-2021 के दौरान पंचायत समिति क्षेत्रों में अभियान के शिविरों के सुचारू आयोजन के लिए पंचायत समितिवार सभी संबंधित उपखंड अधिकारियों को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला कलक्टर अंश दीप ने बताया कि पाली उपखंड के लिए देशलदान, रोहट के लिए सुरेश कमार, बाली के लिए अतुल प्रकाश, देसूरी के लिए श्रीमती राजलक्ष्मी गहलोत, सुमेरपुर के लिए रिशव मंडल, रानी के लिए रविकांत सिंह, सोजत के लिए दौलतराम, मारवाड़ जंक्शन के लिए अजय, जैतारण के लिए डॉ. भास्कर विश्नोई एवं रायपुर उपखंड क्षेत्र के लिए राजेश मेवाड़ा प्रभारी अधिकारी बनाए गए है। इनके सहयोगार्थ संबंधित तहसीलदार को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी प्रभारी अधिकारी व सहायक प्रभारी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्राधिकार में आने वाली पंचायत समिति में आयोजित होने वाले अभियान के शिविरों को सफल बनाने में राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों की पालना सुनिश्चित करेंगे।