सार
Jodhpur : राजफेड ने रबी सीजन 2026-27 के लिए सरसों और चने की MSP पर खरीद हेतु केंद्र निर्धारण प्रक्रिया शुरू कर दी है। जोधपुर संभाग के 8 जिलों में वर्तमान में 68 केंद्र (48 KVSS और 20 GSS) संचालित हैं। नए केंद्र जोड़ने या हटाने के लिए जिला कलेक्टर की अनुशंसा के साथ प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

विस्तार
जोधपुर । डिजिटल डेस्क | 10 फरवरी | राजस्थान राज्य सहकारी क्रय-विक्रय संघ लि. (RAJFED) ने आगामी रबी सीजन 2026-27 के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर दलहन एवं तिलहन यथा सरसों एवं चने की खरीद के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है । इसके लिए राजफेड क्षेत्रीय कार्यालय जोधपुर के क्षेत्रीय अधिकारी दलपतदान ने एक आधिकारिक पत्र जारी कर, बालोतरा, बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर, जोधपुर, पाली, फलोदी, सिरोही जिलों के उप/सहायक-रजिस्ट्रार सहकारी समितियां को खरीद केंद्रों के प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही आधिकारिक पत्रानुसार, खरीद प्रक्रिया पूर्व की भांति क्रय-विक्रय सहकारी समितियों (KVSS) और ग्राम सेवा सहकारी समितियों (GSS) के माध्यम से संचालित की जाएगी। हालांकि खरीफ 2025 में स्थापित केंद्रों की सूची के अतिरिक्त यदि किसी केवीएसएस/जीएसएस का नाम जोड़ना या किसी का नाम निरस्त किया जाना है, तो इसके लिए संबंधित जिला कलेक्टर की अनुशंसा आवश्यक होगी। इसके लिए अब राजफेड के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा निर्देशित किया गया हैं कि, यदि प्रस्तावित केंद्रों की सूची में कोई संशोधन अपेक्षित है, तो उसे अतिशीघ्र राजफेड की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भिजवाया जाए। जबकि समय पर सूचना नहीं प्राप्त होती है, तो पुरानी सूची के आधार पर ही मुख्यालय द्वारा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
जोधपुर संभाग में वर्तमान में 68 केंद्र स्थापित
राजस्थान राज्य सहकारी क्रय-विक्रय संघ (RAJFED) द्वारा राजस्थान के समर्थन मूल्य खरीद (MSP) केंद्रों की सूची जारी की गई है । इसके मुताबिक जोधपुर संभाग के आठ जिलों में वर्तमान समय में 68 केंद्र संचालित है । इनमें जोधपुर जिले में 16, बाड़मेर जिले में 4, जैसलमेर जिले में 13, पाली जिले में 8, सिरोही जिले में 4, जालोर जिले में 7, बालोतरा जिले में 5, फलौदी जिले में 11 केंद्र है । जबकि इनमें से 48 क्रय-विक्रय सहकारी समितियां पर एवं 20 ग्राम सेवा सहकारी समितियों पर केंद्र स्थापित किए गए हैं।


