सार
Jaipur News : सहकार नेता सूरभानसिंह आमेरा ने कहा 100 दिवस की कार्य योजना एवं बजट लेखानुदान में मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद सहकारी बैंकों में भर्ती प्रक्रिया शुरु नही किये जाने पर यूनियन ने जताया विरोध

विस्तार
जयपुर । डिजिटल डेस्क | 8 जुलाई | प्रदेश में राजस्थान राज्य सहकारी बैंक (Apex Bank) एवं जिला केंद्रीय सहकारी बैंक (DCCB), राज्य भूमि विकास बैंक सहित 36 प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंक (PLDB) में कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लंबे समय से 1000 से ज्यादा रिक्त पड़े पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरु करवाने की मांग ऑल राजस्थान कॉ-आपरेटिव बैंक एम्पलाईज यूनियन एवं ऑल राजस्थान कॉ-आपरेटिव बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रांतीय महासचिव सहकार नेता सूरज भान सिंह आमेरा ने उठाई है। इसके लिए, सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक, सहकारिता विभाग शासन सचिव शुचि त्यागी (आईएएस), रजिस्ट्रार सहकारी समितियां अर्चनासिंह (आईएएस) को यूनियन एवं एसोसिएशन की ओर से ज्ञापन दिया गया हैं । साथ ही, भाजपा सरकार की 100 दिवस की कार्य योजना एवं बजट लेखानुदान में मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद सहकारी बैंकों में भर्ती प्रक्रिया शुरु नही किये जाने पर यूनियन ने विरोध जताया है।
असुरक्षित माहौल में सहकारी बैंक कार्मिक कर रहे कार्य
सहकार नेता ने बताया कि पिछले 3 वर्षो से राजस्थान राज्य सहकारी बैंक, जिला केंद्रीय सहकारी बैंकों में तथा पिछले 17 वर्षो से राज्य भूमि विकास बैंक एवं 11 वर्षो से प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंको में कर्मचारियों व अधिकारियों की कोई भर्ती नही होने तथा सेवानिवृति जारी रहने से कार्मिकों की भारी कमी के चलते बैंकिंग व्यवसाय, ग्राहक सेवा, सहकारी साख सुविधा ऋण वितरण एवं वसूली बाधित एवं नकारात्मक रुप सें पूरी तरह प्रभावित हो रही है, कार्मिकों के अभाव में तनावपूर्ण, असुरक्षित माहौल में सहकारी बैंक कार्मिक कार्य कर रहे है।
नए-नए कारणों से भर्ती प्रक्रिया को किया जा रहा बाधित
सूरजभानसिंह आमेरा ने सहकारी बैंकों में भर्ती प्रक्रिया के लम्बित चलने पर चिंता जाहिर करते हुए बताया कि कभी सहकारी बैंको से रिक्त पदों की बार-बार सूचना के आधार पर, कभी रोस्टर को लेकर, कभी एक्स-सर्विस मेन के आरक्षण प्रावधानो को लेकर, कभी आयु को लेकर, तो अब परीक्षा शुल्क को लेकर इस प्रकार किसी न किसी विषय को आधार बनाकर सहकारी भर्ती बोर्ड के गठन के उपरांत सतत् पिछले लम्बे समय से सहकारी बैंकों में भर्ती की प्रक्रिया को लम्बित एवं बाधित किया जा रहा है।


