Home जयपुर केंद्रीय सहकारी बैंकों को मिली 85 करोड़ से अधिक की ब्याज सहायता राशि

केंद्रीय सहकारी बैंकों को मिली 85 करोड़ से अधिक की ब्याज सहायता राशि

सार 

Jaipur : भारत सरकार की ब्याज सहायता योजना के तहत राजस्थान के 20 केंद्रीय सहकारी बैंकों को 85.32 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इनमें सीकर सीसीबी को 11 करोड़, हनुमानगढ़ सीसीबी को 10 करोड़ की राशि जारी की गई हैं । 

विस्तार 

जयपुर । डिजिटल डेस्क | 11 मार्च | भारत सरकार की ब्याज सहायता योजना के तहत राजस्थान के केंद्रीय सहकारी बैंकों (CCBs) को 85 करोड़ 32 लाख की राशि जारी की गई है । इसके लिए राजस्थान स्टेट को-ऑपरेटिव बैंक (RSCB) के उप महाप्रबंधक (परिचालन) मनप्रीतसिंह ने एक एडवाईस जारी की है । इसके अनुसार, वर्ष 2022-23, 2023-24 एवं 2024-25 पेटे समय पर फसली ऋण का चुकारा करने वाले किसानों को देय 3 प्रतिशत ब्याज सहायता एवं फसली ऋण वितरण पर बैंकों को देय 1.50 प्रतिशत ब्याज सहायता के तहत 85 करोड़ 32 लाख की राशि जारी कर दी है। यह राशि सीधे तौर पर राज्य के विभिन्न केंद्रीय सहकारी बैंकों के चालू खातों में जमा कर दी गई है। साथ ही, सभी संबंधित केंद्रीय सहकारी बैंकों को निर्देशित किया गया है कि वे इस प्राप्त राशि को योजना के नियमों के अनुसार उचित रूप से समायोजित करें।

20 सीसीबी को 85 करोड़ की राशि मिली

राजस्थान राज्य सहकारी बैंक से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सीकर सीसीबी को 11 करोड़, हनुमानगढ़ सीसीबी को 10 करोड़, श्रीगंगानगर सीसीबी को 8 करोड़, बीकानेर सीसीबी को 6 करोड़, झुंझुनूं सीसीबी को 6 करोड़, कोटा सीसीबी को 6 करोड़, अजमेर सीसीबी को 5 करोड़, बूंदी सीसीबी को 5 करोड़, जैसलमेर सीसीबी को 5 करोड़, टोंक सीसीबी को 5 करोड़, भरतपुर सीसीबी को 4 करोड़, जालोर सीसीबी को 4 करोड़, बांसवाड़ा सीसीबी को 3 करोड़, नागौर सीसीबी को 1 करोड़, अलवर सीसीबी को 68 लाख, सवाई माधोपुर सीसीबी को 12 लाख, बारां सीसीबी को 11 लाख, जयपुर सीसीबी को 8 लाख, भीलवाड़ा सीसीबी को 5 लाख, उदयपुर सीसीबी को 6 लाख की राशि जारी की हैं ।

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!