Home राज्य खरीफ में फसल खराबे से प्रभावित किसानों के लिए मुख्यमंत्री का संवेदनशील निर्णय

खरीफ में फसल खराबे से प्रभावित किसानों के लिए मुख्यमंत्री का संवेदनशील निर्णय

12 जिलों की 69 तहसीलें सूखाग्रस्त घोषित

जयपुर, 29 अक्टूबर। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने खरीफ-2021 के दौरान सूखे से फसल खराबे की ग्राउंड ट्रूथिंग रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश के 12 जिलों की 69 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित करने की मंजूरी दी है। श्री गहलोत के इस संवेदनशील निर्णय से सूखा प्रभावित किसानों को बड़ी राहत मिल सकेगी।
उल्लेखनीय है कि ग्राउंड ट्रूथिंग की रिपोर्ट के आधार पर इन तहसीलों के 744 गांवों में खरीफ की फसल में सूखे से 33 प्रतिशत या इससे अधिक खराबे का आकलन किया गया है। इसके आधार पर मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा राहत कोष (एसडीआरएफ) मानदंडों के अनुसार इन तहसीलों में राहत गतिविधियों के संचालन एवं प्रभावित किसानों को कृषि आदान-अनुदान वितरण की स्वीकृति दी है।
इस रिपोर्ट के आधार पर बाड़मेर की 16, जोधपुर की 10, जालोर एवं जैसलमेर की 9-9, बीकानेर एवं पाली की 6-6, अजमेर जिले की 4, डूंगरपुर की 3, सिरोही एवं नागौर की 2-2 तथा हनुमानगढ़ एवं चूरू की एक-एक तहसीलों में खराबे का आकलन किया गया है। इनमें 10 जिलों की 64 तहसीलों को गंभीर श्रेणी सूखाग्रस्त तथा डूंगरपुर की 3 एवं नागौर की 2 तहसीलों को मध्यम श्रेणी सूखाग्रस्त घोषित करने की श्री गहलोत ने मंजूरी प्रदान की है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने पूर्व में अतिवृष्टि से खरीफ की फसल में हुए खराबे से प्रभावित 7 जिलों के 3704 गांवों को भी अभावग्रस्त घोषित करने की मंजूरी दी थी।

परिचय : प्रकाश वैष्णव एक सहकारी चिंतक, विश्लेषक, स्तंभकार और पत्रकार हैं।
​पत्रकारिता अनुभव: वे पिछले 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।
करियर की शुरुआत: उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत सबसे पहले साप्ताहिक समाचार पत्र ‘जय सत्यपुर’ से की थी।
​अन्य सेवाएँ: इसके बाद उन्होंने ‘लोक सूचना’ एवं ‘क्षेत्र का साथी’ समाचार पत्रों में भी अपनी सेवाएँ दीं।
​वर्तमान दायित्व: वर्तमान में वे सहकारी आंदोलन को समर्पित प्रमुख हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र ‘मारवाड़ का मित्र’ और ‘MKM MEDIA’ समूह वेब पोर्टल के चीफ एडिटर के रूप में निरंतर संचालन कर रहे हैं।

error: Content is protected !!