सार
Barmer : केंद्रीय सहकारी बैंक में ‘गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना’ में प्रारंभिक गड़बड़ी मिलने के बाद राजस्थान सहकारी सोसायटी अधिनियम 2001 की धारा 55 के तहत होगी जांच : विस्तृत जांच के आदेश जारी
जोधपुर स्थित राजीव गांधी सहकार भवन (File Photo MKM News Rajasthan)
विस्तार
जोधपुर । डिजिटल डेस्क | संभाग के बाड़मेर केंद्रीय सहकारी बैंक (BCCB) में ’गोपाल क्रेडिट कार्ड (GCC) योजना’ के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान हुई कथित अनियमितताओं की विस्तृत जांच होगी । इसके लिए सहकारिता विभाग जोधपुर खंड के अतिरिक्त रजिस्ट्रार (Add. Registrar) देवेंद्र अमरावत ने राजस्थान सहकारी सोसायटी अधिनियम 2001 की धारा 55 के तहत जांच करने के आदेश जारी किए हैं। जिसके अनुसार सहकारिता विभाग पंजीयक (Registrar) द्वारा पूर्व में कराई गई प्रारंभिक जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद अब इस मामले की गहन जांच का निर्णय लिया गया है। इस जांच के लिए संयुक्त रजिस्ट्रार पंकज भानू सिंह गोगावत को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। उनके सहयोग के लिए जोधपुर केंद्रीय सहकारी बैंक (JCCB) के अतिरिक्त अधिशाषी अधिकारी (AEO) अर्जुनराम और राजस्थान राज्य सहकारी बैंक (RSCB) के जोधपुर क्षेत्रीय प्रबंधक प्रवीण खोखर को जांच टीम में शामिल किया गया है। साथ ही इस जांच टीम को 30 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों की वित्तीय व प्रशासनिक जवाबदेही तय की जाएगी। इसके अलावा बाड़मेर केंद्रीय सहकारी बैंक (BCCB) प्रबंध निदेशक को जांच दल को जांच से संबंधित सभी आवश्यक रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं ।


