बाड़मेर केंद्रीय सहकारी बैंक कर्मियों का धरना, मांगे नहीं मानी तो 9 फरवरी को जयपुर में होगा बड़ा आंदोलन

सार 

Barmer : ऋण माफी की बकाया राशि का भुगतान न होने पर बाड़मेर केंद्रीय सहकारी बैंक कर्मियों ने धरना दिया। केंद्रीय सहकारी बैंक का ₹81 करोड़ बकाया है। कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने भुगतान नहीं किया, तो 9 फरवरी 2026 को जयपुर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा

विस्तार 

बाड़मेर । 4 फरवरी | डिजिटल डेस्क | राज्य सरकार द्वारा कृषि ऋण माफी (Loan waiver) की बकाया राशि का भुगतान न किए जाने के विरोध में केंद्रीय सहकारी बैंक (CCB) बाड़मेर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। इसी क्रम में बुधवार को सीसीबी कर्मियों ने प्रधान कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना दिया और मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया। इस बारे में जानकारी देते हुए ऑल राजस्थान को-ऑपरेटिव बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भीखाराम बिश्नोई ने बताया कि राज्य सरकार की वादाखिलाफी के कारण बैंक की वित्तीय स्थिति चरमरा गई है। वर्ष 2018 और 2019 में की गई फसली ऋण माफी के बदले राज्य सरकार को प्रदेश के सहकारी बैंकों को 865 करोड़ रुपये देने थे। इसमें अकेले बाड़मेर सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के 81 करोड़ रुपये से अधिक बकाया हैं। इस राशि पर बैंक को कोई ब्याज नहीं मिल रहा है, जिससे भारी आर्थिक हानि हो रही है। साथ ही, फंड की कमी के कारण किसानों को नए ऋण देने में भी परेशानी आ रही है। इसके अलावा बैंक की आय प्रभावित होने से कर्मचारियों के आर्थिक हितों और बैंक की साख को भी नुकसान पहुंच रहा है।

अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए

ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राज्य सरकार और सहकारिता विभाग पर उदासीनता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले भी ज्ञापन दिए गए थे, लेकिन केंद्रीय मंत्री अमित शाह के जयपुर दौरे को देखते हुए हड़ताल स्थगित की गई थी। इसके बावजूद सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं।

अगली रणनीतिः जयपुर कूच की तैयारी

ऑफिसर्स एसोसिएशन के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं सीसीबी मुख्य प्रबंधक अमराराम चौधरी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द ही बकाया राशि का भुगतान नहीं किया या कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया, तो 09 फरवरी 2026 को जयपुर में विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर बैंक में पूर्ण हड़ताल भी की जा सकती है।

error: Content is protected !!