Home जयपुर राइसेम में हुआ 72वां अखिल भारतीय सहकार सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन

राइसेम में हुआ 72वां अखिल भारतीय सहकार सप्ताह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन

सार 

Jaipur : 72वां अखिल भारतीय सहकार सप्ताह-राइसेम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हुआ आयोजन- त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय अनुसंधान एवं प्रशिक्षण, सहकारी शिक्षा में परिवर्तन” विषय पर कार्यशाला आयोजित

227571 Image bd1ad039 4336 4671 a374 a3cbd3c2f944

विस्तार 

जयपुर, 15 नवम्बर। 14 से 20 नवम्बर तक आयोजित किए जा रहे 72वें अखिल भारतीय सहकार सप्ताह के अंतर्गत सहकारिता विभाग एवं सहकारी संस्थाओं द्वारा प्रदेश भर में प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को राजस्थान सहकारी शिक्षा एवं प्रबंध संस्थान (राइसेम) द्वारा “त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय अनुसंधान एवं प्रशिक्षण, सहकारी शिक्षा में परिवर्तन” विषय पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जयपुर के झालाना संस्थानिक क्षेत्र स्थित संस्थान परिसर में आयोजित कार्यशाला में विचार व्यक्त करते हुए अपेक्स बैंक के प्रबन्ध निदेशक श्री संजय पाठक ने कहा कि त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय की स्थापना संसद के एक अधिनियम के माध्यम से की गई है, जिसका उद्देश्य सहकारी क्षेत्र को सशक्त बनाने और कुशल कार्यबल तैयार करने के लिए शिक्षा, अनुसंधान और प्रशिक्षण प्रदान करना है। इस विश्वविद्यालय की स्थापना सहकारी शिक्षा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर है, जिससे देश में सहकारी शिक्षा को नई ऊंचाइयां मिलेगी।
राजस्थान राज्य सहकारी संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री इंदर सिंह ने सहकारिता क्षेत्र में गहन प्रशिक्षण और धरातल पर कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय की स्थापना से देश भर में सहकारी आंदोलन का विस्तार होगा और भावी नेतृत्व तैयार होगा।  राजस्थान सहकारी शिक्षा एवं प्रबंध संस्थान के निदेशक श्री रणजीत सिंह चुंडावत ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय के महत्व और उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जबकि ‘सहकार से समृद्धि’ पर विशेष जोर देते हुए देश भर में सहकारी सेक्टर को सशक्त बनाया जा रहा है, इस क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में कुशल कार्यबल की आवश्यकता है। त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय इस आवश्यकता की पूर्ति करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
227571 HomePage 6a711b46 2a94 4241 bd69 ff4d1aab608a
उन्होंने बताया कि राजस्थान सहकारी शिक्षा एवं प्रबंध संस्थान की त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय से संबद्धता की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इससे राज्य के युवाओं को सहकारी क्षेत्र की उत्कृष्ट कोटि की शिक्षा सुगमता से उपलब्ध हो पाएगी। इस अवसर पर राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण के निर्वाचन प्राधिकारी श्री इंदर राज मीना एवं राइसेम और आईसेम के अधिकारियों के साथ ही विभिन्न सहकारी संस्थाओं के कार्मिक उपस्थित रहे। शनिवार को विभिन्न जिलों में जिला सहकारी संघों द्वारा भी जिला स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

परिचय : प्रकाश वैष्णव एक सहकारी चिंतक, विश्लेषक, स्तंभकार और पत्रकार हैं।
​पत्रकारिता अनुभव: वे पिछले 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।
करियर की शुरुआत: उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत सबसे पहले साप्ताहिक समाचार पत्र ‘जय सत्यपुर’ से की थी।
​अन्य सेवाएँ: इसके बाद उन्होंने ‘लोक सूचना’ एवं ‘क्षेत्र का साथी’ समाचार पत्रों में भी अपनी सेवाएँ दीं।
​वर्तमान दायित्व: वर्तमान में वे सहकारी आंदोलन को समर्पित प्रमुख हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र ‘मारवाड़ का मित्र’ और ‘MKM MEDIA’ समूह वेब पोर्टल के चीफ एडिटर के रूप में निरंतर संचालन कर रहे हैं।

error: Content is protected !!