सार
Jaipur : राज्य सरकार की तरह केंद्रीय सहकारी बैंकों (CCB) में कार्मिकों के लिए कैरियर प्रगति (ACP) योजना लागू करने एवं सीसीबी स्टाफ स्ट्रेंथ का पुनर्निर्धारण करने की मांग को लेकर सहकारिता मंत्री को लिखा गया पत्र

विस्तार
जयपुर । डिजिटल डेस्क | 10 अक्टूबर | राजस्थान में केंद्रीय सहकारी बैंकों (CCB) में स्टाफ स्ट्रेंथ के पुनर्निर्धारण करने एवं केंद्रीय सहकारी बैंकों (CCB) में कार्यरत कार्मिकों के लिए राज्य सरकार की तरह ‘आश्वासित कैरियर प्रगति (ACP) योजना’ लागू करने की मांग को लेकर, अखिल राजस्थान सहकारी बैंक्स अधिकारी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रघुवीर शर्मा ने सहकारिता मंत्री को पत्र लिखा हैं । जिसके मुताबिक अधिकांश सहकारी बैंकों में गत 12-13 वर्षों से स्टाफ स्ट्रेंथ का पुनर्निर्धारण नहीं हुआ है, जिससे बैकिंग आवश्यकतानुरूप कार्य वर्गीकरण एवं उनके अनुरूप कार्मिको के पद सृजित नहीं होने से कर्मचारी हतोत्साहित है ।
साथ ही, योग्य पदों पर कार्य करने की आस में अधिकतर सीसीबी अत्यधिक लम्बी अवधि व्यतीत कर चुके है। वही पत्रानुसार, कई सीसीबी में वरिष्ठ प्रबन्धक से ऊपर पद सृजित नहीं है, तो बैंकिग सहायक संवर्ग को प्रबन्धकीय संवर्ग से वेतन श्रृंखला में 15 वार्षिक वेतन वृद्धि के निचले स्तर पर वेतन मिल रहा हैं ।
दूसरी ओर, शीर्ष सहकारी बैंक में AGM, DGM GM के पद सृजित है, जबकि शीर्ष सहकारी बैंक एवं सीसीबी में कर्मचारी चयन प्रक्रिया एक समान ही हैं । हालांकि शीर्ष सहकारी बैंक में कार्मिकों को GM तक पदोन्नत होने का अवसर मिलता हैं, लेकिन सीसीबी में मुख्य प्रबंधक तक ही वरिष्ठतम पद निर्धारित हैं । जिसके चलते अब केंद्रीय सहकारी बैंकों (CCB) में स्टाफ स्ट्रेंथ के पुनर्निर्धारण करने की मांग उठाई गई हैं ।
सीसीबी में लागू हो ‘आश्वासित कैरियर प्रगति योजना’
अखिल राजस्थान सहकारी बैंक्स अधिकारी एसोसिएशन ने समस्त केंद्रीय सहकारी बैकों में आश्वासित कैरियर प्रगति (ACP) योजना लागू करने की जरूरत जताते हुए, पत्र के जरिए बताया हैं कि राज्य सरकार में आश्वासित कैरियर प्रगति (ACP) लागू होने से राज्य कर्मचारियों को 9-18-27 व 10-20-30 का लाभ मिलता है। जिससे कर्मचारियों के कार्यकाल में स्थिरता सुनिश्चित होती है । खासकर उन्हें नियमित पदोन्नति नहीं मिलने पर नियमित पदोन्नति के समान वित्तीय लाभ प्रदान किया जाता हैं । जिसे देखते हुए एसोसिएशन ने सीसीबी में प्रत्येक 5 वर्ष में आश्वासित कैरियर प्रगति (ACP) का लाभ देकर वेतन स्थिरीकरण किए जाने की वर्तमान में आवश्यकता जताई हैं ।
सहायक प्रबंधक संवर्ग का हो सृजन
अखिल राजस्थान सहकारी बैंक्स अधिकारी एसोसिएशन ने वर्तमान स्टाफ स्ट्रेंथ का पुनर्निर्धारण करने के लिए सुझाव भी भेजे हैं । जिसमें स्टाफ स्ट्रेंथ के लिए कमेटी बनाने, शीर्ष सहकारी बैंक के समकक्ष आवश्यक पदों का सृजन करने, स्टाफ स्ट्रेंथ कमेटी में यूनियन पदाधिकारियो को सम्मिलित करने सहित सीसीबी में मुख्य प्रबन्धक पद को विलोपित कर इसके स्थान पर सहायक महाप्रबन्धक, उप महाप्रबन्धक एवं महाप्रबन्धक के पद सृजित करने का सुझाव दिया हैं । साथ ही, बैंकिंग सहायक संवर्ग एवं प्रबंधक संवर्ग के मध्य सहायक प्रबंधक (Assistant Manager) संवर्ग यानि नवीन पद सृजन करने की मांग भी उठाई हैं ।


