जिले में 81.819 करोड़ अनुमानित व्यय कि निविदा आमंत्रित, 2,52,530 परिवार होंगे लाभान्वित

हनुमानगढ़, 2 जुलाई । राज्य के निवासियों को बढ़ती महंगाई के दौर में राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना कि घोषणा की। उसे मूर्त रूप देने के लिए जिले में 81.819 करोड़ राशि कि निविदा आमंत्रित की गई है । इसी सिलसिले में पूर्व तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव श्रीमती ऊषा शर्मा ने रविवार को वीसी ली। जिले में कलक्ट्रेट सभागार से जिला कलक्टर श्रीमती रूक्मणि रियार, एडीएम श्रीमती प्रतिभा देवठिया, सीईओ श्री अशोक असीजा, डीएसओ श्री विनोद ढाल, एपीआरओ श्री राजपाल लंबोरिया और सहकारिता विभाग के अधिकारी जुड़े । अन्नपूर्णा योजना के टैंडर जिला स्तर पर जारी किए जा चुके है । संभवत 25 जुलाई से फूड पैकेट वितरण का कार्य शुरू किया जायेगा । इस योजना की मॉनिटरिंग सहकारिता विभाग कर रहा है ।
डीएसओ श्री विनोद ढाल ने बताया कि योजना में अंत्योदय, बीपीएल, स्टेट बीपीएल और एनएफएसए परिवारों का चयन किया गया है । जिले में 2,52,530 परिवार और कुल 9,97,255 सदस्य अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना के दायरे में आते है, जिनमें से 2,49,365 परिवारों ने महंगाई राहत कैंपों में पंजीयन करवा लिया है । फूड पैकेट में उच्च गुणवत्ता का खास ख्याल रखा जाएगा, निविदा में भी फर्मों के लिए एफएसएसएआई, बीआईएस, एगमार्क, एफपीओ इत्यादि से प्रमाणित होना आवश्यक शर्त रखी गई है ।
फ्री फूड पैकेट में खाद्य सामग्री
योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को राज्य सरकार द्वारा प्रति माह के राशन के साथ निःशुल्क दैनिक इस्तेमाल में होने वाली खाद्य सामग्री वितरित की जाएगी । फूड पैकेट में एक किलो चना दाल, एक किलो चीनी, एक किलो आयोडीन युक्त नमक, एक लीटर रिफाइंड सोयाबीन खाद्य तेल, 100 ग्राम मिर्च पाउडर, 100 ग्राम धनिया पाउडर, 50 ग्राम हल्दी पाउडर दी जाएगी ।


