
दौसा, 16 मई। लालसोट विधानसभा क्षेत्र की गोपालपुरा ग्राम पंचायत में मंगलवार को महंगाई राहत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री परसादी लाल मीना द्वारा क्षेत्र की ग्राम सेवा सहकारी समितियों के चार सहकारी मृतक सदस्य कृषकों के नोमिनी कैलाश देवी पत्नी स्व0 बत्तीलाल मीना कांकरिया, पप्पी देवी पत्नी स्व0 हनुमान सैनी कोलीवाडा,सोमोती देवी पत्नी स्व0 छुट्टनलाल गांग्ल्यावास एवं राजेश कुमार पुत्र स्व0 गंगाराम मीना चौण्डियावास को राज्य सरकार की राज सहकार व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजनान्तर्गत 10-10 लाख रूपये की बीमा क्लेम राशि के चैक वितरित किये गये।
जिला कलक्टर कमर उल जमान चौधरी ने बताया कि जिले में आयोजित हो रहे शिविरों के दौरान राज्य सरकार की जनहित योजनाओं का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुँचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। सरकारी योजनाओं में पात्र लोगों का पंजीयन करवाकर उन्हे मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड वितरित किये जा रहे है। इसके अलावा अन्य विभागीय योजनाओं में लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है।इस दौरान उप जिला कलक्टर मोहर सिंह मीना, सहकारी बैंक के प्रबन्ध निदेशक शिवदयाल मीना एवं बैंक अधिकारी पवन कुमार गुप्ता एवं भारी संख्या में क्षेत्र के ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


