
उदयपुर / राजसमन्द I 6 जून I विधानसभा अध्यक्ष डॉ सी.पी.जोशी ने आज सोमवार को जिले की ओडा ग्राम सेवा सहकारी समिति ओडा, पंचायत समिति रेलमगरा जिला राजसमन्द में राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत 100 एम.टी.के गोदाम एवं कार्यालय भवन का लोकार्पण किया । विधानसभा अध्यक्ष डा जोशी इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न योजनायें यथा चिरंजीवी योजना, अल्पकालीन फसली ऋण योजना, जन आधार योजना, पेंशन योजना, उद्यमी ऋण योजना आदि का जिक्र करते हुये उपस्थित जनसमूह से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। उन्होंने इसके साथ ही यह भी बताया कि ग्राम सेवा सहकारी समिति के सदस्यों के लाभ के लिये कस्टम हायरिंग केन्द्रो की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जनहित में सहकारी समितियो को 8 लाख रूपये का अनुदान देकर कस्टम हायरिंग केन्द्रो की स्थापना की है जिससे किसानो को तो लाभ होगा ही साथ ही साथ सहकारी समितियां भी आत्मनिर्भर बनेगी। उन्होंने वर्तमान परिपेक्ष्य में शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुये उपस्थित जनसमूह को निरन्तर शिक्षा ग्रहण करते रहने के लिये प्रेरित किया। उन्होने कहा कि एक शिक्षित व्यक्ति न केवल समाज की उन्नति में योगदान दे सकता है वरन् वह सभी सरकारी योजनाओं का भी सुचारू प्रकार से लाभ उठा सकता है। महिला शिक्षा के योगदान को जनसमूह से परिचय कराने के लिये कार्यक्रम में कुछ ऐसी बालिकाओ का सम्मान किया गया जिन्होने बारहवी की बोर्ड परीक्षा अच्छे अंको से उत्तीर्ण की है साथ ही साथ ओडा ग्राम की नवचयनित शिक्षिका का अभिनन्दन भी इस कार्यक्रम में किया गया।

कार्यक्रम के अन्त में अधिशाषी अधिकारी, दी उदयपुर सेन्ट्रल को-ऑपरेटिव बैक लि. उदयपुर डॉ. प्रमोद कुमार द्वारा कार्यक्रम के सम्मानित अतिथियों एवं आगन्तुको को धन्यवाद ज्ञापित किया । इस अवसर पर प्रधान पंचायत समिति रेलमगरा आदित्य प्रताप सिंह चैहान, उप प्रधान पंचायत समिति रेलमगरा कमलेश चैधरी, जिला परिषद् सदस्य लेहरू लाल अहीर, पंचायत समिति सदस्य अन्नपूर्णा देवी सनाढ्य, सरपंच ग्राम पंचायत ओडा विष्णु कुमार यादव, अध्यक्ष ओडा ग्राम सेवा सहकारी समिति लि. ओडा, राकेश सनाढ्य तथा समाजसेवी हरिसिंह राठौड जिले की सहकारिता विभाग के अधिकारियों एवं जनसमूह की भागीदारी रही।
गोदाम एवं कार्यालय भवन का निर्माण 10.00 लाख की वित्तीय सहायता से किया गया
इस अवसर पर ओडा समिति के उपाध्यक्ष नारायण लाल कुमावत ने स्वागत उद्बोधन देते हुये बताया कि समिति क्षेत्र में कस्टम हायरिंग केन्द्र के माध्यम से 165 काश्तकारो को कृषि उपकरण बाजार दर से 100 रू.कम पर उपलब्ध कराये गये जिससे समिति को पैसठ हजार रूपये का लाभ हुआ | ओडा ग्राम सेवा सहकारी समिति लि. ओडा में उक्त गोदाम एवं कार्यालय भवन का निर्माण राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अन्तर्गत राशि रू. 10.00 लाख की वित्तीय सहायता से किया गया है। उक्त गोदाम एवं कार्यालय भवन से ओडा समिति के कार्यक्षेत्र के काश्तकारो को खाद बीज, अल्पकालीन ऋण वितरण, कस्टम हायरिंग सेन्टर एवं सहकारी विभाग की अन्य योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।


