
जालोर 16 अप्रेल। नवनियुक्त जिला कलक्टर निशान्त जैन ने अधिकारियों के साथ शुक्रवार को सायंकाल जालोर नगर क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला भी साथ रहे।
जिला कलक्टर ने सायंकाल अस्पताल चौराहे से हरिदेवी जोशी सर्किल, तिलक द्वार, घांचियों की पिलानी, सदर बाजार, वीरमदेव चौक, गांधी चौक, सूरजपोल होकर पुनः अस्पताल चौराहे तक का पैदल भ्रमण करते हुए विभिन्न चौराहों, उद्यानों, प्राचीन पोल सहित शहर की समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्हांने शहरी क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहयोग की बात करते हुए ट्राफिक व कानून व्यवस्था, शहर के विकास सहित विभिन्न मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की।
उन्होंने वीरमदेव चौक में स्थित वीर वीरमदेव की मूर्ति एवं जालोर के इतिहास के बारे में भी विस्तार से जानकारी ली। जालोर को ऐतिहासिक एवं पर्यटन दृष्टि से समृद्ध बनाने के लिए जालोर दुर्ग, तोपखाना, सुन्देलाव तालाब सहित विभिन्न स्थलों के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। भ्रमण के दौरान शहरवासियों ने नवनियुक्त जिला कलक्टर निशान्त जैन का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार वासु, उपखण्ड अधिकारी चम्पालाल जीनगर, पुलिस उप अधीक्षक हिम्मत सिंह चारण, नगर परिषद आयुक्त महिपाल सिंह, शहर कोतवाल अरविन्द राजपुरोहित एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग, विद्युत व जलदाय विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


