Home राज्य समर्थन मूल्य पर खरीद- सरसों एवं चने की एक अप्रेल से प्रारंभ होगी खरीद  

समर्थन मूल्य पर खरीद- सरसों एवं चने की एक अप्रेल से प्रारंभ होगी खरीद  

जालौर जिले की मिंडावास जीएसएस खरीद केन्द्र – फाइल फोटो

जयपुर, 31 मार्च। प्रदेश में एक अप्रेल से चने के 635 एवं सरसों के 635 सहित कुल 1270 क्रय केन्द्रों पर सरसों एवं चने की समर्थन मूल्य पर खरीद प्रारंभ की जाएगी। यह जानकारी सहकारिता मंत्री श्री उदय लाल आंजना ने गुरूवार को दी। खरीद के लिए 25 मार्च से ऑनलाइन पंजीयन शुरू कर दिया गया है। किसान को पंजीयन की सुविधा ई-मित्र या संबंधित खरीद केन्द्र (ग्राम सेवा सहकारी समिति/क्रय विक्रय सहकारी समिति) पर दी गई है।
श्री आंजना ने बताया कि भारत सरकार द्वारा चना खरीद का 5.97 लाख मीट्रिक टन एवं सरसों खरीद का  13.03 लाख मीट्रिक टन लक्ष्य दिया गया है। निर्धारित केन्द्रों पर सरसों 5050 रुपये तथा चना 5230 रुपये के समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान तुलाई के समय किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए उपज को तय एफएक्यू मापदण्डों के अनुसार तैयार कर लाएं।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि सभी किसान अपना मोबाईल नम्बर आधार में लिंक करवा लें, ताकि किसानों को समय रहते तुलाई दिनांक की सूचना प्राप्त हो सके। किसान यह सुनिश्चित करें कि जनआधार कार्ड में अपने बैंक खाते नम्बर को अद्यतन (अंकित) करें ताकि खाता संख्या एवं आई.एफ.एस.सी. कोड में यदि कोई विसंगति नही रहे ताकि भुगतान के समय परेशानी ना हो। किसानों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, उपज के बेचान व भुगतान आदि के संबंध किसी प्रकार की समस्या होने पर टोल फ्री नम्बर 18001806001 पर फोन कर समस्या का समाधान कर सकते हैं।

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!